Uncategorized

हरिद्वार में कांवड़िये को गोली मारने से सनसनी, गुरुकुल के पास देर रात वारदात

हरिद्वार। कनखल थाना क्षेत्र में गुरुकुल विश्वविद्यालय के समीप देर रात एक कांवड़िये को गोली मार दिए जाने की घटना से सनसनी फैल गई। गोली लगने से कांवड़िया गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार घायल कांवड़िया हरिद्वार से गंगाजल लेकर गौ माता को राष्ट्रमाता घोषित करने की मांग के समर्थन में लगभग 240 किलोमीटर की पदयात्रा पर निकला था। इसी दौरान गुरुकुल क्षेत्र के पास अज्ञात हमलावरों ने उसे निशाना बनाते हुए गोली चला दी। गोली लगने के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने घायल को अस्पताल पहुंचाने में मदद की।

घटना के बाद पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है तथा संदिग्धों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस ने क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान भी शुरू कर दिया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच के आधार पर सभी संभावित कारणों को ध्यान में रखते हुए पड़ताल की जा रही है। अधिकारियों ने दावा किया है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

LEAVE A RESPONSE

Your email address will not be published. Required fields are marked *