देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार प्रधानमंत्री के ‘वेड इन उत्तराखंड’ विजन को साकार करने के लिए तेजी से कार्य कर रही है। मसूरी-देहरादून मार्ग स्थित पुनर्नवा वेलनेस रिजॉर्ट में आयोजित ‘ग्रेस हिन्दुस्थान 2.0 उत्तराखंड’ राष्ट्रीय वेडिंग प्रोफेशनल्स सम्मेलन में उन्होंने कहा कि त्रियुगीनारायण, ऊखीमठ, मसूरी, टिहरी और रामनगर सहित कई स्थलों को विश्वस्तरीय डेस्टिनेशन वेडिंग केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वेडिंग टूरिज्म से स्थानीय अर्थव्यवस्था, रोजगार, होमस्टे, लोक कलाकारों और छोटे कारोबारियों को नया बढ़ावा मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि वेडिंग टूरिज्म के साथ स्पिरिचुअल और वेलनेस टूरिज्म को भी विशेष प्रोत्साहन दिया जा रहा है तथा बेहतर कानून-व्यवस्था, ट्रिपल आर कनेक्टिविटी और निवेश अनुकूल नीतियों के चलते उत्तराखंड निवेशकों की पहली पसंद बन रहा है। उन्होंने देशभर के वेडिंग और इवेंट विशेषज्ञों से राज्य के पर्यटन विकास में साझेदारी का आह्वान किया।






















































