हरिद्वार। कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा ने प्रेस वार्ता के दौरान भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने मंदिरों में आने वाले दान, चारधाम और अर्धकुंभ-2027 की तैयारियों को लेकर कई गंभीर सवाल उठाए।
आलोक शर्मा ने आरोप लगाया कि देश के बड़े मंदिरों में आने वाले दान और चढ़ावे के प्रबंधन में पारदर्शिता का अभाव है। उन्होंने इन मामलों में भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए भाजपा सरकार को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने चारधाम में श्रद्धालुओं द्वारा दिए जाने वाले दान और चढ़ावे का पूरा हिसाब सार्वजनिक करने की मांग की। साथ ही कहा कि आस्था से जुड़े मामलों में पारदर्शिता और जवाबदेही सबसे जरूरी है। कांग्रेस प्रवक्ता ने आगामी अर्धकुंभ 2027 और हरिद्वार के धार्मिक स्थल सतीकुंड के जीर्णोद्धार के लिए प्रस्तावित बजट को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि सभी योजनाओं और खर्च का विवरण पर सरकार को श्वेतपत्र जारी कर जनता के सामने रखा जाए, ताकि किसी तरह की आशंका न रहे।















































