निगम की छापेमारी में पांच टन प्रतिबंधित सिंगल यूज़ प्लास्टिक बरामद, एक लाख रुपये का किया चालान
हरिद्वार। कांवड़ यात्रा और आगामी पर्व स्नान को देखते हुए नगर निगम हरिद्वार ने प्रतिबंधित सिंगल यूज़ प्लास्टिक के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए खड़खड़ी स्थित बैरागी धर्मशाला के सामने एक गोदाम पर छापेमारी की। नगर निगम, तहसील प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने गोदाम से करीब 5,000 किलोग्राम सिंगल यूज़ प्लास्टिक बरामद कर जब्त कर लिया। गोदाम संचालक नानक चंद पर ₹1 लाख का चालान भी किया गया।
नगर निगम के अनुसार लंबे समय से सूचना मिल रही थी कि घाट क्षेत्र और आसपास के इलाकों में पॉलीथीन एवं सिंगल यूज़ प्लास्टिक बेचने वाले छोटे दुकानदारों को इसी गोदाम से बड़े पैमाने पर प्रतिबंधित प्लास्टिक की आपूर्ति की जा रही थी। यही प्लास्टिक गंगा स्नान, पर्व स्नान और अन्य धार्मिक आयोजनों के दौरान पर्यावरण प्रदूषण और कचरे का प्रमुख कारण बनती थी।
सूचनाओं के आधार पर नगर निगम ने पहले से निगरानी रखी हुई थी। पुख्ता जानकारी मिलने पर नगर आयुक्त नंदन कुमार के नेतृत्व में तहसील प्रशासन और पुलिस के सहयोग से संयुक्त छापेमारी की गई, जिसमें भारी मात्रा में प्रतिबंधित प्लास्टिक बरामद होने पर उसे तत्काल जब्त कर लिया गया।
नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि प्रतिबंधित सिंगल यूज़ प्लास्टिक के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ आगे भी सघन अभियान जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान नगर आयुक्त नंदन कुमार, उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी, तहसीलदार सचिन कुमार, मुख्य सफाई निरीक्षक संजय शर्मा, मुख्य सफाई निरीक्षक मनोज कुमार, उप निरीक्षक नवीन नेगी सहित नगर निगम, तहसील प्रशासन एवं पुलिस की संयुक्त टीम मौजूद रही।














































