yहरिद्वार। पुलिस ने फेक करेंसी के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए पंजाब से गिरोह के मुख्य सरगना समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक लाख दस हजार रुपये के नकली नोट, नकली नोट छापने में इस्तेमाल होने वाला प्रिंटर और एक वरना कार बरामद की है।
उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पहले हरिद्वार पुलिस ने चार लोगों को चौरासी हजार पांच सौ रुपये के नकली नोटों के साथ गिरफ्तार किया था पूछताछ के बाद सभी को जेल भेज दिया गया। लेकिन पुलिस यहीं नहीं रुकी जेल में बंद दो आरोपियों को पुलिस कस्टडी रिमांड पर लेकर जब गहन पूछताछ की गई तो कई अहम सुराग हाथ लगे। इन्हीं सुरागों के आधार पर हरिद्वार पुलिस की टीम पंजाब पहुंची और लंबी पड़ताल के बाद गिरोह के दो अहम सदस्यों को दबोच लिया
गिरफ्तार आरोपी पवन कुमार अपने ढाबे की आड़ में नकली नोटों का कारोबार चला रहा था, जबकि दूसरा आरोपी सुखबीर सिंह कपड़ों के व्यवसाय की आड़ में इस पूरे नेटवर्क को संचालित कर रहा था। पुलिस के मुताबिक गिरोह पचास हजार रुपये असली लेकर बदले में एक लाख रुपये के नकली नोट सप्लाई करता था।
जांच में यह भी सामने आया है कि सुखबीर पहले बैंक फ्रॉड और जाली करेंसी के मामलों में जेल जा चुका है, जबकि पवन एनडीपीएस एक्ट के मामले में जेल की सजा काट चुका है। दोनों की दोस्ती जेल में हुई और वहीं से नकली नोटों का यह खेल शुरू हुआ।
एसएसपी नवनीत सिंह के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई को हरिद्वार पुलिस की बड़ी कामयाबी माना जा रहा है, फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह का नेटवर्क और किन राज्यों तक फैला हुआ है और इसमें कितने अन्य लोग शामिल हैं।

















































