मनसा देवी सीढ़ी मार्ग पर फिर मंडराया हादसे का खतरा, श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर उठे सवाल
हरिद्वार/कालू वर्मा।
प्रसिद्ध सिद्धपीठ मनसा देवी मंदिर जाने वाले सीढ़ी मार्ग पर एक बार फिर हादसे का खतरा मंडराने लगा है। जानकारी के अनुसार करीब 20 से 25 दिन पूर्व मार्ग पर लगे दो बिजली के खंभे गिर गए थे। उस समय विद्युत विभाग द्वारा तत्काल व्यवस्था के तहत अस्थायी मरम्मत कर स्थिति को संभाल लिया गया था, लेकिन स्थायी समाधान नहीं किया गया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि अब पुनः उसी स्थान पर खंभों और बिजली लाइनों की स्थिति चिंताजनक दिखाई दे रही है। कई स्थानों पर बिजली के तार और खंभे असुरक्षित अवस्था में नजर आ रहे हैं, जिससे किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है।
गौरतलब है कि मांसा देवी सीढ़ी मार्ग पर प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु दर्शन के लिए आते-जाते हैं। पर्यटन और धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण इस मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही गंभीर परिणाम ला सकती है।
श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों ने संबंधित विभागों से मांग की है कि मामले का तत्काल संज्ञान लेकर बिजली के खंभों एवं लाइनों की स्थायी मरम्मत कराई जाए, ताकि संभावित दुर्घटना को रोका जा सके। लोगों का कहना है कि बरसात के मौसम से पहले आवश्यक सुरक्षा उपाय किए जाना बेहद जरूरी है।
यदि समय रहते उचित कार्रवाई नहीं की गई तो श्रद्धालुओं की जान जोखिम में पड़ सकती है।
















































