Uncategorized

पड़ोसी महिला ने खेल रहे मासूम पर छोड़ा खूंखार कुत्ता

, बच्चों को नाली में धक्का देने का आरोप

देहरादून। राजधानी देहरादून के खुड़बुड़ा मोहल्ले में पड़ोसियों के बीच विवाद का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक महिला ने गली में खेल रहे आठ वर्षीय बच्चे पर अपना खूंखार कुत्ता छोड़ दिया, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, खुड़बुड़ा निवासी अशोक सहगल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 1 जून को उनका आठ वर्षीय बेटा अविरल मोहल्ले की गली में खेल रहा था। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाली नीलम श्रीवास्तव ने कथित रूप से उस पर अपना कुत्ता छोड़ दिया। कुत्ते के अचानक झपटने से बच्चा घबरा गया और जोर-जोर से चिल्लाने लगा।

परिजनों के अनुसार, भाई की चीख सुनकर बड़ी बहन तनु उसे बचाने के लिए दौड़ी। आरोप है कि इस दौरान महिला ने दोनों बच्चों को नाली में धक्का दे दिया, जिससे उन्हें चोटें आईं। शिकायत में यह भी कहा गया है कि महिला ने बच्चों के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया और जान से मारने की धमकी दी।

वहीं, मामले में दूसरा पक्ष भी सामने आया है। नीलम श्रीवास्तव ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि अशोक सहगल, उनकी पत्नी सुनैना और बेटी तनु ने उनके साथ मारपीट की है।

शहर कोतवाली प्रभारी हरिओम राज चौहान ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीरों के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

स्थानीय लोगों का कहना है कि महिला के पास कई आक्रामक कुत्ते हैं, जिसके चलते मोहल्ले के बच्चे और बुजुर्ग भय के माहौल में रहते हैं। क्षेत्रवासियों का दावा है कि इस संबंध में कई बार सीएम हेल्पलाइन और नगर निगम में शिकायतें भी की गई हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

LEAVE A RESPONSE

Your email address will not be published. Required fields are marked *