Uncategorized

चलती वोल्वो बस में लगी भीषण आग

32 यात्री बाल-बाल बचे
दो विदेशी नागरिक भी थे सवार, पुलिस और फायर टीम ने समय रहते पाया आग पर काबू

हरिद्वार/कालू वर्मा । देहरादून से दिल्ली और जयपुर जा रही एक वोल्वो बस में बुधवार तड़के हरिद्वार-दिल्ली हाईवे पर अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। गनीमत रही कि बस में सवार सभी 32 यात्रियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। हालांकि बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई और यात्रियों का अधिकांश सामान बस में ही रह गया।
बुधवार सुबह करीब चार बजे बस संख्या एमपी-44 जेडसी-6994 देहरादून से ऋषिकेश होते हुए दिल्ली और जयपुर जा रही थी। बस जब क्रिस्टल वर्ल्ड से आगे पुलिस चौकी शांतारशाह से करीब 200 मीटर पहले पहुंची तो उसमें तकनीकी खराबी के चलते अचानक आग लग गई। आग लगते ही चालक और परिचालक ने सूझबूझ दिखाते हुए सभी यात्रियों को तत्काल बस से नीचे उतार दिया।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और यात्रियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। वहीं रुड़की से फायर टेंडर को मौके पर बुलाया गया। पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम ने संयुक्त रूप से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बस पूरी तरह जल चुकी थी।
बस चालक अरुण कुमार निवासी उदयपुर और परिचालक रिंकू पुत्र लाल सिंह निवासी कंचनपुर, धौलपुर (राजस्थान) ने प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण इंजन में तकनीकी खराबी बताया है। बस में दो विदेशी नागरिक भी सवार थे, जिन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

LEAVE A RESPONSE

Your email address will not be published. Required fields are marked *