Skip to content
हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरिद्वार को आधुनिक, सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं विश्वस्तरीय आध्यात्मिक नगरी के रूप में विकसित करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए हरिद्वार-ऋषिकेश गंगा कॉरिडोर के अंतर्गत लगभग 235 करोड़ रुपये की चार प्रमुख आधारभूत अवसंरचना परियोजनाओं का भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया। उत्तराखण्ड निवेश एवं आधारिक संरचना विकास बोर्ड (यूआईआईडीबी) द्वारा संचालित इन परियोजनाओं का उद्देश्य आगामी कुम्भ मेले की तैयारियों को मजबूत करना तथा श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। अलकनंदा होटल में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 43.25 करोड़ रुपये की प्रशासनिक मार्ग कॉरिडोर विकास परियोजना का भूमि पूजन किया। वहीं 66.76 करोड़ रुपये की लागत से हर की पैड़ी एवं सुभाष घाट के पुनरुद्धार, 66.34 करोड़ रुपये की लागत से हर की पैड़ी के उत्तर क्षेत्र में आधारभूत अवसंरचना विकास तथा 58.84 करोड़ रुपये की लागत से रोड़ी बेलवाला क्षेत्र के पुनर्विकास कार्यों का शिलान्यास किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ये परियोजनाएं हरिद्वार को विश्वस्तरीय आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक नगरी के रूप में विकसित करने के व्यापक विजन का हिस्सा हैं। उन्होंने अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्ता एवं पारदर्शिता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और विकास के लिए कई महत्वाकांक्षी परियोजनाओं पर कार्य हो रहा है। हरिद्वार-ऋषिकेश गंगा कॉरिडोर के साथ केदारखंड मंदिर माला मिशन, मानसखंड मंदिर माला मिशन, शारदा कॉरिडोर, गोल्ज्यू कॉरिडोर और विवेकानंद कॉरिडोर जैसी योजनाएं भी राज्य के धार्मिक पर्यटन और स्थानीय रोजगार को नई दिशा देंगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महाकुंभ-2027 को इतिहास का सबसे दिव्य, भव्य, सुरक्षित और सुव्यवस्थित आयोजन बनाने के लिए राज्य सरकार युद्धस्तर पर कार्य कर रही है। इसी क्रम में नए घाट, पुल, सड़क चौड़ीकरण, यातायात सुधार तथा श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़ी कई परियोजनाओं पर तेजी से काम चल रहा है।
उन्होंने बताया कि हरिद्वार में मेडिकल कॉलेज का निर्माण अंतिम चरण में है। इसके अलावा हेलीपोर्ट, पॉड टैक्सी, हर की पैड़ी से चंडी देवी और मनसा देवी तक रोपवे, लालढांग क्षेत्र में पुल निर्माण तथा शंकराचार्य और मोतीचूर फ्लाईओवर के नीचे आधुनिक सुविधाओं का विकास भी किया जा रहा है। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, मदन कौशिक, प्रदीप बत्रा, राम सिंह कैड़ा, यूआईआईडीबी के प्रबंध निदेशक एवं प्रमुख सचिव आर. मीनाक्षी सुंदरम, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, आईजी कुंभ डॉ. योगेंद्र सिंह रावत, एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर सहित जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
