हरिद्वार।
जिले के कलियर में करोड़ों रुपये के संदिग्ध लेनदेन और जम्मू-कश्मीर में दर्ज यूएपीए मामले की जांच में आए दिन नए खुलासे हो रहे है। रुड़की की शिक्षिका सोनम की गिरफ्तारी के बाद अब उसकी करीबी पूजा को भी जम्मू-कश्मीर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जांच एजेंसियों के मुताबिक पाकिस्तान से जुड़े संदिग्ध नेटवर्क और जम्मू-कश्मीर के कुछ लोगों के माध्यम से किए गए वित्तीय लेनदेन की जांच के दौरान पूजा की भूमिका सामने आई। हरिद्वार एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि पूछताछ और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर ये तथ्य सामने आया कि पूजा भी सोनम की तरह संदिग्ध खातों में धनराशि के लेनदेन से जुड़ी हुई थी और कमीशन की एवज में चार-पांच लाख रुपए का ट्रांजैक्शन कर चुकी थी।
जम्मू-कश्मीर पुलिस ने पूजा को स्थानीय स्तर पर कार्रवाई के बाद कोर्ट में पेश किया और ट्रांजिट रिमांड पर अपने साथ जम्मू-कश्मीर ले गई। अब जांच एजेंसियां ये पता लगाने में जुटी हैं कि इस पूरे नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं और संदिग्ध धनराशि का इस्तेमाल कहीं देश विरोधी गतिविधियों में तो नहीं किया जा रहा था?
















































