हरिद्वार। दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्र-छात्राओं पर हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध में कांग्रेस पार्टी ने बड़ा विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और युवा सड़कों पर उतरे। प्रदर्शनकारियों ने देवपुरा चौक से भगत सिंह चौक तक पैदल मार्च निकालकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की गई।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र में अपनी मांगों को शांतिपूर्ण तरीके से रखने का अधिकार सभी नागरिकों को है, लेकिन छात्रों की आवाज़ को लाठी के बल पर दबाने का प्रयास बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने जंतर-मंतर पर छात्रों पर लाठीचार्ज करने वाले अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शन में शामिल छात्र-छात्राओं और युवाओं ने हाथों में तख्तियां लेकर सरकार के खिलाफ विरोध जताया और कहा कि छात्रों की समस्याओं का समाधान संवाद से होना चाहिए, न कि बल प्रयोग से। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई और छात्रों की मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया गया, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
















































