खाद्य सुरक्षा विभाग ने जनपद के कई बड़े प्रतिष्ठानो पर की छापेमारी, दूध, खाद्यय तेल, हींग के भरे सेम्पल
हरिद्वार। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग ने जनपद में बड़ी कार्रवाई की है। विभाग की अलग-अलग टीमों ने हरिद्वार और रुड़की में खाद्य प्रतिष्ठानों के साथ ही दुग्ध वाहनों का निरीक्षण किया।
कनखल में अमरोहा, उत्तर प्रदेश से हरिद्वार दूध सप्लाई करने पहुंचे एक वाहन को जांच के लिए रोका गया। जांच के दौरान वाहन संचालक दूध के वितरण और सप्लाई से संबंधित खाद्य अनुज्ञप्ति यानी लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका।

वाहन में गाय और भैंस का मिश्रित दूध पाया गया। इसके बाद एमएस डेयरी को नोटिस जारी किया गया। साथ ही दूध का एक नमूना प्रयोगशाला जांच के लिए लिया गया है।
वहीं, रुड़की में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने विभिन्न रिटेल स्टोरों का निरीक्षण किया। इस दौरान एडिबल ऑयल, चावल, हींग और सरसों के तेल समेत कुल पांच खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए।
लेबल संबंधी नियमों का उल्लंघन मिलने पर दो निर्माता कंपनियों को नोटिस जारी किया गया। इसके अलावा विशाल मेगा मार्ट से एवरेस्ट हींग का भी एक नमूना जांच के लिए लिया गया और मौके पर बची नौ हींग की डिब्बियों को हटवा दिया गया।
एक अन्य रिटेल स्टोर संचालक द्वारा कर्मचारियों के मेडिकल और पेस्ट कंट्रोल से संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर उसे भी नोटिस जारी किया गया।
खाद्य सुरक्षा विभाग का कहना है कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इस तरह की जांच और कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।






















































