Uncategorized

स्कूल में विधिक जागरूकता सेमिनार आयोजित

नशे, साइबर अपराध, यातायात नियम और पॉक्सो एक्ट को लेकर विद्यार्थियों को किया जागरूक

हरिद्वार। कनखल क्षेत्र के स्कूल में भारतीय जागरूकता समिति, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हरिद्वार एवं हरिद्वार पुलिस के संयुक्त तत्वावधान में विधिक एवं सामाजिक जागरूकता सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभाव, यातायात नियमों, साइबर अपराध, पॉक्सो एक्ट सहित विभिन्न कानूनी एवं सामाजिक विषयों के प्रति जागरूक करना रहा।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि श्रीमती सिमरनजीत कौर, सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हरिद्वार, भारतीय जागरूकता समिति के अध्यक्ष एवं नैनीताल हाईकोर्ट के अधिवक्ता ललित मिगलानी, सीपीयू इंस्पेक्टर नीरज, हेड कांस्टेबल वीरेंद्र पवार तथा राज कुमार राजेश्वरी मौजूद रहे।

अधिवक्ता ललित मिगलानी ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि नशे की शुरुआत अक्सर शौक के रूप में होती है, लेकिन धीरे-धीरे यही आदत व्यक्ति और उसके परिवार को बर्बादी की ओर ले जाती है। उन्होंने विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया।

सिमरनजीत कौर ने विद्यार्थियों को पॉक्सो एक्ट के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नाबालिग बच्चों के साथ किसी भी प्रकार का यौन अथवा अमानवीय व्यवहार कानून के तहत गंभीर अपराध है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने तथा किसी भी गलत व्यवहार की स्थिति में तत्काल उचित व्यक्ति अथवा संबंधित संस्था को जानकारी देने के लिए प्रेरित किया।

वहीं सीपीयू इंस्पेक्टर नीरज ने विद्यार्थियों को यातायात नियमों, ट्रैफिक सिग्नल, रोड साइन और ड्राइविंग लाइसेंस से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों से बिना लाइसेंस वाहन न चलाने तथा सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की।

सेमिनार में साइबर अपराध एवं सोशल मीडिया के सुरक्षित इस्तेमाल को लेकर भी विद्यार्थियों को जागरूक किया गया। वक्ताओं ने इंटरनेट का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने, अनजान लिंक एवं संदिग्ध गतिविधियों से बचने तथा साइबर अपराध होने पर तत्काल उचित कार्रवाई करने की जानकारी दी।

विद्यालय के प्रधानाचार्य कुरियन एंटनी ने कहा कि जागरूकता और सही जानकारी ही युवाओं को नशे, अपराध और सामाजिक बुराइयों से बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने विद्यार्थियों से कानून का सम्मान करने और जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया।

सेमिनार विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक एवं उपयोगी रहा। विद्यालय परिवार ने भारतीय जागरूकता समिति, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हरिद्वार पुलिस तथा सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।

LEAVE A RESPONSE

Your email address will not be published. Required fields are marked *