Uncategorized

कांवड़ मेला सकुशल संपन्न कराने वाली पुलिस फोर्स का हुआ सम्मान

 

प्रेमनगर आश्रम में आयोजित हुआ बड़ा खाना, एडीजी समेत पुलिस मुख्यालय के आला अधिकारियों ने बढ़ाया जवानों का हौसला

हरिद्वार। श्रावण कांवड़ मेला-2026 के सकुशल संपन्न होने के बाद पुलिस प्रशासन की ओर से मेले में तैनात पुलिसकर्मियों, पैरामिलिट्री फोर्स, ट्रैफिक वालंटियर्स और एसपीओ के उत्साहवर्धन के लिए प्रेमनगर आश्रम स्थित सभागार में सम्मान समारोह एवं बड़े खाने का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पुलिस मुख्यालय और रेंज स्तर के कई आला अधिकारी शामिल हुए।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने मुख्य अतिथि एडीजी कानून व्यवस्था डॉ. वी. मुरुगेशन, आईजी एसटीएफ निलेश आनंद भरणे, आईजी कुंभ योगेंद्र सिंह रावत, आईजी रेंज राजीव स्वरूप, डीआईजी लॉ एंड ऑर्डर धीरेंद्र गुंज्याल सहित अन्य अधिकारियों और पैरामिलिट्री फोर्स के अधिकारियों का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया।

कार्यक्रम की शुरुआत में एसएसपी नवनीत सिंह ने कांवड़ मेले के दौरान पुलिस की व्यवस्थाओं और किए गए कार्यों से संबंधित रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने सुरक्षा, यातायात, भीड़ नियंत्रण समेत विभिन्न व्यवस्थाओं की जानकारी दी। रिपोर्ट के दौरान सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

ट्रेनी रिक्रूट्स के कार्य की सराहना

पुलिस मुख्यालय और रेंज से पहुंचे अधिकारियों ने कांवड़ मेला सफलतापूर्वक संपन्न कराने पर डीएम मयूर दीक्षित और एसएसपी नवनीत सिंह को बधाई दी। अधिकारियों ने पहली बार बड़े धार्मिक आयोजन में ड्यूटी कर रहे ट्रेनी रिक्रूट्स के प्रदर्शन की विशेष रूप से सराहना की। साथ ही पुलिस के साथ समन्वय बनाकर यातायात व्यवस्था संभालने वाले ट्रैफिक वालंटियर्स और एसपीओ के योगदान को भी सराहा गया।

सराहनीय कार्य करने वालों को किया सम्मानित

मुख्य अतिथि एडीजी कानून व्यवस्था डॉ. वी. मुरुगेशन ने कांवड़ मेले में सराहनीय कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों, ट्रैफिक वालंटियर्स और एसपीओ को सम्मानित किया। उन्होंने पूरी फोर्स को सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए तीन दिन के पारितोषिक अवकाश की घोषणा की। घोषणा होते ही पुलिसकर्मियों में उत्साह का माहौल दिखाई दिया।

कार्यक्रम में पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी, पैरामिलिट्री फोर्स के अधिकारी और जवान, शहर के गणमान्य लोग तथा मीडिया प्रतिनिधि मौजूद रहे। सम्मान समारोह के समापन के बाद सभी ने सामूहिक रूप से भोजन का आनंद लिया।

LEAVE A RESPONSE

Your email address will not be published. Required fields are marked *