Skip to content
– 200 मीटर केबल बरामद
हरिद्वार। ऑपरेशन प्रहार के तहत हरिद्वार पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सोलर प्लांट से डीसी केबल और एमसी-4 कनेक्टर चोरी करने के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार किया है। मामला कोतवाली रानीपुर क्षेत्र के सेक्टर-3 स्थित बीएचईएल के एम्पिन सोलर पावर प्लांट का है।
पुलिस के मुताबिक, 9 अगस्त 2026 को सोलर प्लांट के कर्मचारियों ने सूचना दी कि दो व्यक्तियों ने प्लांट से डीसी केबल और एमसी-4 कनेक्टर चोरी किए हैं। कर्मचारियों ने एक संदिग्ध दीपक पुत्र वीरेश को चोरी के सामान के साथ पकड़ लिया, जबकि उसका साथी आकाश उर्फ तासी मौके से फरार हो गया।
रानीपुर पुलिस ने आरोपी दीपक को हिरासत में लेकर उसके कब्जे से 200 मीटर डीसी केबल और 30 जोड़े एमसी-4 कनेक्टर बरामद किए। प्लांट इंचार्ज की तहरीर पर कोतवाली रानीपुर में मु0अ0सं0 280/26, धारा 303(2), 317(2) BNS के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
इसके बाद पुलिस ने फरार आरोपी आकाश उर्फ तासी की तलाश शुरू की और उसे बीएचईएल स्थित वर्कर हॉस्टल से गिरफ्तार कर लिया।
जेल से छूटने के अगले दिन फिर चोरी का आरोप
पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि वे पूर्व में भी जेल जा चुके हैं और 8 अगस्त को ही जेल से बाहर आए थे। पुलिस के अनुसार, दोनों के खिलाफ पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं।
दीपक के खिलाफ रानीपुर थाने में शस्त्र अधिनियम से संबंधित तीन मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।
आकाश उर्फ तासी के खिलाफ रानीपुर थाने में वर्ष 2018, 2021 और 2024 में अलग-अलग धाराओं में मुकदमे दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।