हरिद्वार। स्वच्छ गंगा फाउंडेशन ट्रस्ट की ओर से रविवार को हरिद्वार के बिरला घाट पुल के नीचे रोडिबेलवाला गंगा घाट पर स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान ट्रस्ट के सदस्यों ने घाट की सीढ़ियों पर श्रद्धालुओं द्वारा छोड़े गए प्लास्टिक, पूजा सामग्री और अन्य कचरे को एकत्र कर साफ किया। इसके बाद पूरे कचरे का उचित निस्तारण भी कराया गया।

अभियान के दौरान ट्रस्ट के सदस्यों ने घाट पर मौजूद श्रद्धालुओं से भी बातचीत की और गंगा को स्वच्छ बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोग मां गंगा में अपने पापों से मुक्ति और आस्था के साथ स्नान करने आते हैं, लेकिन कई बार अनजाने में अपना कचरा यहीं छोड़कर चले जाते हैं। इससे गंगा प्रदूषित होती है और हमारी आस्था को भी ठेस पहुंचती है।
ट्रस्ट ने लोगों से आग्रह किया कि गंगा तट पर कहीं भी कूड़ा न फेंकें और नगर निगम द्वारा लगाए गए डस्टबिन का ही उपयोग करें। साथ ही अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करें, ताकि मां गंगा की पवित्रता और स्वच्छता दोनों बनी रहें।

स्वच्छ गंगा फाउंडेशन ट्रस्ट का कहना है कि ऐसे अभियान आगे भी लगातार चलाए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक लोग स्वच्छ गंगा के इस अभियान से जुड़ें और गंगा को निर्मल व अविरल बनाए रखने में अपनी जिम्मेदारी निभाएं। इस दौरान ट्रस्ट के अध्यक्ष मोनू, सचिव प्रशान्त शर्मा, नरेंद्र प्रधान, मोहित सोम, विकास तिवारी, धर्मराज, विश्वास सैनी, भानु, प्रताप, सचिन, मित्थुन, अभिषेक, आशीष, जीवन, रिंकू, सचिन, जितेंद्र, रविन्द्र, अंकित, मुकेश, अर्जुन, संदीप, रजनीश, अमित, प्रियांशु, गौरव सहित अन्य सदस्य शामिल रहे।


















































