हरिद्वार। जिला भाजपा कार्यालय में रविवार को जिला अध्यक्ष आशुतोष शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित जिला बैठक में आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई। बैठक में विशेष रूप से ‘हर घर तिरंगा–तिरंगा यात्रा’ और संत शिरोमणि गुरु रविदास जी के जयंती वर्ष के तहत आयोजित होने वाली कलश यात्रा की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि तिरंगा यात्रा को मंडल, शक्ति केंद्र और बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से आयोजित किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं और आमजन की भागीदारी सुनिश्चित हो सके। वक्ताओं ने कहा कि तिरंगा राष्ट्र की एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है तथा इस अभियान के माध्यम से राष्ट्रभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।
संत रविदास जयंती वर्ष के कार्यक्रमों को लेकर भी व्यापक कार्ययोजना बनाई गई। बैठक में कहा गया कि संत रविदास ने सामाजिक समरसता, समानता और भाईचारे का संदेश दिया, जिसे समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने के लिए जयंती वर्ष के कार्यक्रमों का व्यापक स्तर पर आयोजन किया जाएगा।
जिला अध्यक्ष आशुतोष शर्मा ने कहा कि भाजपा संगठन जनसेवा और राष्ट्रहित के संकल्प के साथ कार्य कर रहा है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से आगामी कार्यक्रमों को अनुशासन, समर्पण और आपसी समन्वय के साथ सफल बनाने का आह्वान किया।
बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों को बूथ स्तर तक मजबूत करने, मंडलवार जिम्मेदारियों के निर्धारण और आगामी अभियानों की सफलता के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं पर भी चर्चा की गई। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री हीरा सिंह बिष्ट ने किया।
बैठक में जिला पदाधिकारी, मंडल प्रभारी, मंडल अध्यक्ष एवं बड़ी संख्या में वरिष्ठ कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

















































