Uncategorized

राजनाथ सिंह के बयान पर कांग्रेस का हमला, आलोक शर्मा बोले- झूठ का पुलिंदा और जुमलेबाजी

अंकिता भंडारी को श्रद्धांजलि तक नहीं देने पर रक्षा मंत्री को घेरा, भाजपा सरकार पर महिला सुरक्षा और विकास को लेकर उठाए सवाल

हरिद्वार।भाजपा कार्यसमिति की बैठक में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के बयान को लेकर कांग्रेस ने तीखा हमला बोला है। कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा ने प्रेस क्लब में पत्रकारों से वार्ता करते हुए राजनाथ सिंह के बयान को झूठ का पुलिंदा और जुमलेबाजी करार दिया।

आलोक शर्मा ने आरोप लगाया कि भाजपा की कार्यसमिति बैठक में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने उत्तराखंड की बेटी अंकिता भंडारी को श्रद्धांजलि देना तो दूर, उनके प्रति संवेदना के दो शब्द तक नहीं कहे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री समेत भाजपा के अन्य नेताओं ने भी बैठक में केवल राजनीतिक बयानबाजी की, जबकि उत्तराखंड के विकास और प्रदेश की ज्वलंत समस्याओं पर कोई चर्चा नहीं हुई।

भाजपा के 65 सीटें जीतने के दावे पर तंज कसते हुए आलोक शर्मा ने कहा कि भाजपा इस बार दहाई का आंकड़ा भी पार नहीं कर पाएगी। उन्होंने राजस्थान के जिला परिषद चुनावों का हवाला देते हुए कहा कि जनता भाजपा के प्रति अपनी नाराजगी जाहिर कर चुकी है और उत्तराखंड में भी भाजपा सरकार की विदाई का समय आ गया है।

राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दे पर भी कांग्रेस प्रवक्ता ने केंद्र सरकार को घेरा। उन्होंने चीन की सीमा पर स्थिति, जम्मू-कश्मीर में शहीद जवानों के सम्मान, अमेरिका से भारतीयों को हथकड़ियों में वापस भेजे जाने और पाकिस्तान के मंत्री को भारत भ्रमण कराने जैसे मुद्दे उठाते हुए सरकार की नीतियों पर सवाल खड़े किए। उन्होंने आरोप लगाया कि देश लगातार कर्ज में डूब रहा है, लेकिन सरकार को इसकी चिंता नहीं है।

इस दौरान यूथ कांग्रेस की उत्तराखंड प्रभारी सुरभि द्विवेदी ने अंकिता भंडारी प्रकरण को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रदेश की महिलाएं और जनता प्रधानमंत्री तथा मुख्यमंत्री से निराश हैं। महिला सुरक्षा के मामले में सरकार से लोगों की उम्मीदें टूट रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा महिला मोर्चा ने भी अंकिता को न्याय दिलाने के लिए कभी आवाज नहीं उठाई, जबकि कांग्रेस लगातार न्याय की मांग को लेकर संघर्ष कर रही है। उन्होंने सरकार पर मामले के संदिग्धों को संरक्षण देने का आरोप भी लगाया।

वहीं, यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष विशाल भोजक ने अग्निवीर योजना पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह योजना उत्तराखंड के युवाओं के हित में नहीं है। सरकार रोजगार के नाम पर युवाओं को गुमराह कर रही है और रोजगार के अभाव में प्रदेश के युवा पलायन करने को मजबूर हैं।

प्रेसवार्ता में मनोज सैनी, सोम त्यागी, कांग्रेस जिला अध्यक्ष बालेश्वर सिंह, उत्कृष्ट वालिया, जयंत जोशी, गौरव चौहान, अबरार अली, अभय, आरिफ सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

LEAVE A RESPONSE

Your email address will not be published. Required fields are marked *