अंकिता भंडारी हत्याकांड में विनोद आर्य और अधिवक्ता की प्रेस कॉन्फ्रेंस, हत्या की कहानी पर उठाए सवाल
हरिद्वार।
अंकिता भंडारी हत्याकांड एक बार फिर चर्चाओं में है। इस बार मुख्य आरोपी पुलकित आर्य के पिता विनोद आर्य अपने अधिवक्ता के साथ हरिद्वार प्रेस क्लब पहुंचे। यहां आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में विनोद आर्य और उनके अधिवक्ता अनुज पुंडीर ने हत्याकांड को लेकर कई बड़े दावे किए। यहां तक कि अधिवक्ता ने अंकिता की मौत को हत्या मानने पर ही सवाल खड़े कर दिए। उन्होंने इस पूरे मामले के पीछे स्थानीय मीडिया और सरकार के दबाव को जिम्मेदार ठहराया।
हरिद्वार प्रेस क्लब में पत्रकारों से बातचीत करते हुए विनोद आर्य ने दावा किया कि अंकिता भंडारी हत्याकांड में कोई VIP शामिल नहीं था। उन्होंने अंकिता और उसके प्रेमी पुष्प की 4085 पन्नों की कथित चैट का हवाला देते हुए उनके निजी और पारिवारिक संबंधों को लेकर भी कई दावे किए
वहीं, उनके अधिवक्ता अनुज पुंडीर ने मामले को लेकर और भी गंभीर सवाल खड़े किए अधिवक्ता का कहना था कि यह हत्या नहीं थी, बल्कि स्थानीय मीडिया और सरकार के दबाव में इस पूरे मामले को हत्या का रूप दिया गया
अधिवक्ता ने यहां तक दावा किया कि अंकिता भंडारी के शव को नदी में इस तरह प्लांट किया गया, जिससे यह मामला हत्या का प्रतीत हो उन्होंने आरोप लगाया कि मीडिया में लगातार चले घटनाक्रम और आरोपियों को फांसी तक पहुंचाने की मांग से न्यायालय पर भी दबाव बना
अब इस प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद एक बार फिर अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर बहस तेज होने की संभावना है।
हालांकि, विनोद आर्य और उनके अधिवक्ता की ओर से लगाए गए इन आरोपों और दावों की स्वतंत्र पुष्टि होना बाकी है। इस मामले में तीनों दोषियों को अदालत उम्रकैद की सजा सुना चुकी है।























































