उत्तराखंड हरिद्वार

शिक्षकों को खुद नैतिकता अपनाकर विद्यार्थियों को संस्कार और अनुशासन की सीख देनी चाहिए: गणेश जोशी

 

हरिओम सरस्वती पीजी कॉलेज धनौरी के स्थापना दिवस समारोह में पहुंचे कैबिनेट मंत्री, शिक्षा और समाज में सकारात्मक बदलाव का दिया संदेश

हरिद्वार। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि शिक्षक समाज के निर्माण में अहम भूमिका निभाते हैं। शिक्षकों को स्वयं नैतिक मूल्यों और आदर्शों का पालन करते हुए विद्यार्थियों को नैतिक शिक्षा, संस्कार एवं अनुशासन की सीख देनी चाहिए। समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए सुधार की शुरुआत खुद से करना जरूरी है।

कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी सोमवार को हरिओम सरस्वती पीजी कॉलेज, धनौरी के स्थापना दिवस समारोह में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि जब शिक्षक स्वयं अपने आचरण से आदर्श प्रस्तुत करेंगे, तभी विद्यार्थी उनसे प्रेरणा लेकर बेहतर समाज के निर्माण में योगदान देंगे।

इस दौरान उन्होंने महाविद्यालय की स्थापना और विकास में स्वर्गीय शिक्षाविद् डॉ. तेजवीर सिंह सैनी के योगदान को याद किया। मंत्री ने कहा कि जिस क्षेत्र में कभी शिक्षा के पर्याप्त अवसर नहीं थे, वहां डॉ. सैनी ने शिक्षा की अलख जगाने का काम किया। उनके द्वारा लगाया गया शिक्षा का पौधा आज वटवृक्ष बन चुका है और क्षेत्र में अनेक शिक्षण संस्थान युवाओं को शिक्षा के बेहतर अवसर प्रदान कर रहे हैं।

महाविद्यालय के उप प्राचार्य डॉ. योगेश कुमार ने कहा कि हरिओम सरस्वती महाविद्यालय सहित क्षेत्र की कई शिक्षण संस्थाएं स्वर्गीय डॉ. तेजवीर सिंह सैनी के सपनों को साकार करने में जुटी हैं। वहीं, प्राचार्य डॉ. मुनेन्द्र सिंह ने उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि 6 जुलाई 2019 को उनके निधन से परिवार और संस्थान को अपूरणीय क्षति हुई। उनके विचार और शिक्षा के प्रति समर्पण आज भी संस्थानों के माध्यम से आगे बढ़ रहे हैं।

कार्यक्रम में असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. अरुणिमा पांडे ने समारोह की रूपरेखा प्रस्तुत की, जबकि कार्यक्रम संयोजक डॉ. अंजली देवी ने अतिथियों का आभार व्यक्त किया।

महाविद्यालय पहुंचने पर प्रबंध समिति के अध्यक्ष डॉ. हर्ष सैनी और सचिव डॉ. आदित्य सैनी ने कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।

इस अवसर पर डॉ. अंजली गौड़, डॉ. निशा रानी, डॉ. छवि, डॉ. रविंद्र कुमार, डॉ. प्रदीप सैनी, डॉ. संजय कुमार, डॉ. अंकेश चौहान, डॉ. जयदेव कुमार, डॉ. सुरभि सागर, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी विंग कमांडर (सेवानिवृत्त) डॉ. सरिता पंवार, डॉ. अंजु सहित महाविद्यालय के शिक्षक एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

LEAVE A RESPONSE

Your email address will not be published. Required fields are marked *