दीपावली के मद्देनजर विभाग की इस कार्रवाई से खाद्य कारोबारियों में हड़कंप है। हालांकि, जांच में 81 में से 11 नमूनों का अधोमानक मिलना त्योहार के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर सतर्क रहने की जरूरत भी दर्शाता है।
हरिद्वार। दीपावली पर्व को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। गुरुवार को हरिद्वार नगर निगम क्षेत्र में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान सचल खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला की मदद से मिठाई, दूध, पनीर, दही, बेकरी उत्पादों समेत विभिन्न खाद्य पदार्थों के कुल 81 नमूनों की मौके पर जांच की गई। इनमें से 11 नमूने अधोमानक पाए गए।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने ऋषिकुल, गोविंदपुरी, रानीपुर मोड़ और प्रेम नगर आश्रम क्षेत्र के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों पर पहुंचकर जांच अभियान चलाया। इस दौरान मिठाइयों, दूध, पनीर, दही, केक, पेस्ट्री, सॉस, मसाले, तेल, बेसन, दालों और अन्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता परखी गई।
जांच में अधोमानक पाए गए खाद्य पदार्थों को तत्काल संबंधित प्रतिष्ठानों से हटवा दिया गया। वहीं, मिष्ठान और बेकरी प्रतिष्ठानों में खाद्य उत्पादों पर निर्माण एवं अवसान तिथि अंकित होने के नियमों की भी जांच की गई। विभाग के अनुसार अधिकांश प्रतिष्ठानों पर यह जानकारी नियमानुसार अंकित मिली।
यह अभियान आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विनय शंकर पांडे और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर सहायक आयुक्त महिमानंद जोशी तथा उपायुक्त प्रयोगशाला बीरेंद्र सिंह बिष्ट के नेतृत्व में चलाया गया।
टीम में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी कैलाश चंद्र टम्टा, योगेंद्र पांडे, जूनियर फूड एनालिस्ट अनुराग मियां और लैब सहायक गौरव कुमार सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
























































