मुंबई में एशियन इंटरनेशनल क्लब का भव्य समारोह,
‘पासपोर्ट मैन ऑफ इंडिया’ पूर्व राजदूत ज्ञानेश्वर मुले की गरिमामयी उपस्थिति में पुस्तक ‘दंगे’ का हुआ पुनः विमोचन, देश-विदेश की 49 विभूतियां सम्मानित
मुंबई/हरिद्वार। मुंबई के बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स स्थित सोफिटेल होटल में एशियन इंटरनेशनल क्लब (AIC) की ओर से भव्य समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में पूर्व भारतीय राजदूत, प्रख्यात लेखक एवं ‘पासपोर्ट मैन ऑफ इंडिया’ के नाम से प्रसिद्ध ज्ञानेश्वर मुले मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर हरिद्वार के वरिष्ठ अधिवक्ता, लेखक एवं समाजसेवी डॉ. अरविन्द कुमार श्रीवास्तव को एशियन इंटरनेशनल क्लब की मानद सदस्यता प्रदान कर सम्मानित किया गया।
समारोह का विशेष आकर्षण डॉ. अरविन्द कुमार श्रीवास्तव की चर्चित पुस्तक ‘दंगे’ का पुनः विमोचन रहा। मुख्य अतिथि ज्ञानेश्वर मुले की गरिमामयी उपस्थिति में पुस्तक का पुनः लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम में भारत के विभिन्न राज्यों और विदेशों से पहुंचे समाज, विधि, साहित्य, शिक्षा एवं संस्कृति के क्षेत्र से जुड़े 49 विशिष्ट व्यक्तित्वों को भी उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि ज्ञानेश्वर मुले ने डॉ. अरविन्द कुमार श्रीवास्तव के विधिक, सामाजिक एवं साहित्यिक योगदान की सराहना की। उन्होंने क्लब की मानद सदस्यता मिलने पर उन्हें बधाई देते हुए कहा कि कानून, साहित्य और समाजसेवा के क्षेत्र में सक्रिय व्यक्तित्व समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने समारोह में सम्मानित सभी 49 विभूतियों को भी शुभकामनाएं दीं।
दो दशक से अधिक समय से विधि और समाजसेवा के क्षेत्र में सक्रिय
डॉ. अरविन्द कुमार श्रीवास्तव वर्ष 2001 से वकालत के क्षेत्र में सक्रिय हैं। वह रूल ऑफ लॉ एंड जस्टिस फाउंडेशन के संस्थापक हैं। इसके अलावा वह डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन, हरिद्वार के सचिव तथा डिप्टी लीगल एड डिफेंस काउंसिल जैसे महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन कर चुके हैं।
वकालत के साथ-साथ उन्होंने साहित्य के माध्यम से भी सामाजिक सरोकारों और ज्वलंत मुद्दों को आवाज दी है। उनकी प्रमुख पुस्तकों में ‘ट्रिपल डिनायल’, ‘अग्निपरीक्षा: तेजाब या हथियार’, ‘मैं निर्भया हूं’ और ‘दंगे’ शामिल हैं।
उनके साहित्यिक एवं सामाजिक योगदान के लिए उन्हें वर्ष 2021 में राष्ट्रमंडल व्यावसायिक विश्वविद्यालय से मानद डॉक्टरेट, भारतीय साहित्य रत्न पुरस्कार, वर्ष 2023 में बेस्ट ऑथर ऑफ द ईयर तथा अचीवर्स इन फोकस अवॉर्ड से सम्मानित किया जा चुका है।
इस अवसर पर सम्मानित होने पर डॉ. अरविन्द कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि एशियन इंटरनेशनल क्लब द्वारा प्रदान किया गया यह सम्मान केवल उनका व्यक्तिगत सम्मान नहीं है, बल्कि समस्त उत्तराखंड का सम्मान है। उन्होंने इस उपलब्धि को प्रदेश के लोगों और अपने शुभचिंतकों के प्रति समर्पित करते हुए आभार व्यक्त किया।


























































