नई दिल्ली। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर उत्तराखंड के विकास, सड़क-रेल कनेक्टिविटी, पर्यटन, स्वास्थ्य, शिक्षा और ऊर्जा क्षेत्र की विभिन्न परियोजनाओं पर चर्चा की। मुख्यमंत्री ने कई महत्वपूर्ण योजनाओं के लिए केंद्र से सहयोग एवं स्वीकृति का अनुरोध किया।
बैठक में कुम्भ-2027 के लिए 500 करोड़ रुपये की सहायता, चम्पावत बाईपास के लिए 199 करोड़ रुपये, RDSS योजना के तहत 3,436.08 करोड़ रुपये तथा SASCI के अंतर्गत लगभग 9,500 करोड़ रुपये के सहयोग के लिए प्रधानमंत्री का आभार जताया गया।
मुख्यमंत्री ने दिल्ली-हल्द्वानी एक्सप्रेस-वे, रेल परियोजनाओं, चिन्यालीसौड़ एयरस्ट्रिप के विस्तार, देहरादून रिंग रोड, हरिद्वार-देहरादून रेल दोहरीकरण, आयुर्वेद संस्थान और पर्यटन विकास से जुड़े प्रस्ताव भी प्रधानमंत्री के समक्ष रखे।
बैठक में शीतकालीन पर्यटन, वेडिंग डेस्टिनेशन, आध्यात्मिक पर्यटन, स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने तथा शिक्षा और रोजगार के अवसरों पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र के सहयोग और प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन से उत्तराखंड विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है।




















































