उत्तराखंड हरिद्वार

फर्जी ED अधिकारी गिरफ्तार 

दो साल तक ED अफसर बनकर जमाता रहा रौब, पुलिस ने खोली पोल

खुद को प्रवर्तन निदेशालय यानी ED का अधिकारी बताकर लोगों पर रौब झाड़ना एक शख्स को भारी पड़ गया। उत्तर प्रदेश के मथुरा में पुलिस ने फर्जी ED अधिकारी सचिन शर्मा को गिरफ्तार किया है। हैरानी की बात यह है कि इस पूरे मामले में उसके पिता की भूमिका भी सामने आई है, जिन्हें पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

दरअसल, मथुरा के फरह थाना क्षेत्र के नगला बर निवासी सचिन शर्मा पिछले करीब दो साल से खुद को कभी ED अधिकारी तो कभी असिस्टेंट डायरेक्टर बताकर लोगों पर धौंस जमा रहा था। सोमवार को वह रिफाइनरी क्षेत्र स्थित सीओ कार्यालय पहुंचा और वहां भी ED अधिकारी होने का रौब दिखाने लगा।

लेकिन सीओ को उसकी बातों पर शक हुआ। इसके बाद उससे पहचान पत्र और पद से जुड़े दस्तावेज मांगे गए। पुलिस ने जब लखनऊ स्थित ED मुख्यालय से उसके दावों की पुष्टि कराई, तो पूरा मामला फर्जी निकला। उसका ED पहचान पत्र भी नकली पाया गया।

पुलिस ने आरोपी की गाड़ी बरामद की है, जिस पर नीली बत्ती लगी हुई थी। इसके अलावा फर्जी ED आईडी कार्ड, आधार कार्ड और कई एटीएम व क्रेडिट कार्ड भी जब्त किए गए हैं।

पूछताछ में आरोपी के पिता सुरेश शर्मा की भूमिका भी सामने आई। पुलिस के मुताबिक, पिता ने ही उसे इस तरह ED अधिकारी बनकर रौब जमाने की सलाह दी थी। पिता के बैंक खाते में ठगी से जुड़े करीब 32 लाख रुपये मिलने की बात भी सामने आई है। इसके बाद पुलिस ने उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया।

वहीं, चिकित्सीय परीक्षण के लिए ले जाते समय सचिन ने पुलिस वाहन से कूदकर भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उसे तुरंत पकड़ लिया। पुलिस अब दोनों आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की तैयारी कर रही है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है कि फर्जी ED अधिकारी बनकर आरोपी ने कितने लोगों को अपना शिकार बनाया और इस नेटवर्क में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल है या नहीं।

LEAVE A RESPONSE

Your email address will not be published. Required fields are marked *