Skip to content
धनुष पुल से बैरागी कैंप तक आस्थापथ विस्तार का काम जारी, कहीं निर्माण अधूरा तो कहीं टूटी सड़कें और कीचड़ बनी परेशानी; CCR टॉवर के बाहर धूल से परेशान अधिकारी, कर्मचारी, पुलिसकर्मी और राहगीर
हरिद्वार।
कुंभ मेला-2027 को दिव्य और भव्य बनाने के दावों के बीच हरिद्वार में चल रहे निर्माण कार्यों की जमीनी तस्वीर कई सवाल खड़े कर रही है। एक ओर आस्थापथ को धनुष पुल से बैरागी कैंप तक विस्तारित करने की योजना पर तेजी से काम करने के निर्देश दिए जा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर कुंभ व्यवस्थाओं की निगरानी करने वाले मेलाधिकारी के कार्यालय यानी CCR टॉवर के आसपास ही अव्यवस्थाओं का आलम नजर आ रहा है। यहां चारों तरफ धूल-मिट्टी, कीचड़, टूटी सड़कों का मलबा और निर्माण कार्यों से पैदा हो रही परेशानियां लोगों के लिए मुसीबत बनी हुई हैं।
स्थिति यह है कि CCR टॉवर के आसपास दिनभर उड़ती धूल से वहां तैनात पुलिसकर्मियों को भी मास्क लगाने की जरूरत महसूस हो रही है। इस मार्ग से गुजरने वाले लोगों के साफ-सुथरे कपड़े तक धूल से सन जा रहे हैं। कहीं धूल का अंबार लगा है तो कहीं कीचड़ और टूटी सड़कों का मलबा बिखरा पड़ा है। ऐसे में सवाल उठता है कि जब कुंभ मेले की व्यवस्थाओं से जुड़े महत्वपूर्ण कार्यालय के आसपास ही लोगों को धूल और अव्यवस्थाओं से जूझना पड़ रहा है, तो दूसरे क्षेत्रों में चल रहे निर्माण कार्यों के दौरान आम जनता और श्रद्धालुओं को किस तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ेगा?
इतना ही नहीं, CCR टॉवर के बराबर में बन रहे नए भवन का निर्माण भी अभी शुरुआती चरण में दिखाई दे रहा है। भवन का काम पूरा होने में अभी काफी समय लगने की संभावना नजर आ रही है। ऐसे में कुंभ से पहले इस निर्माण को पूरा करने और आसपास की व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने की चुनौती भी विभागों के सामने है।
उधर, कुंभ की महत्वपूर्ण परियोजना आस्थापथ के विस्तार का काम भी अभी पूरा नहीं हुआ है। धनुष पुल से बैरागी कैंप तक आस्थापथ को जोड़ने की योजना के तहत कई हिस्सों में निर्माण कार्य जारी है। दीनदयाल उपाध्याय पार्किंग तक मार्ग का निर्माण अंतिम चरण में बताया जा रहा है, जबकि पार्किंग के समीप करीब 270 मीटर लंबे एलीवेटेड मार्ग का काम तेजी से चल रहा है। धनुष पुल से सीसीआर के बीच नवनिर्मित घाट पर भी कुछ कार्य शेष हैं।
बुधवार को मेलाधिकारी सोनिका ने चंडी चौक से धनुष पुल तक पैदल निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति देखी। उन्होंने अधिकारियों को दिन-रात काम जारी रखने, गुणवत्ता बनाए रखने और निर्धारित समयसीमा में कार्य पूरे करने के निर्देश दिए। लेकिन निरीक्षण और निर्देशों के बीच सबसे बड़ा सवाल जमीनी व्यवस्थाओं का है। केवल निर्माण कार्यों की प्रगति देखना ही पर्याप्त नहीं, बल्कि निर्माण स्थलों के आसपास आम लोगों को हो रही परेशानियों का समाधान करना भी जरूरी है।
रोड़ी बेलवाला क्षेत्र में भी विकास कार्यों और एडमिन रोड का निर्माण जारी है। यहां अतिक्रमण हटाने, प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त करने और जनसुविधाओं को विकसित करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं आस्थापथ के विस्तार में अलग-अलग विभागों की भूमिका है। धनुष पुल से चंडी चौक तक करीब डेढ़ किलोमीटर हिस्से का निर्माण यूआईआईडीबी की रोड़ी बेलवाला पुनर्विकास परियोजना के तहत यूपीडीसीसी के माध्यम से कराया जा रहा है, जबकि आगे बैरागी कैंप तक जोड़ने का कार्य उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग कर रहा है।
कुंभ में लाखों श्रद्धालुओं की आवाजाही को देखते हुए आस्थापथ का विस्तार, वैकल्पिक मार्ग, घाटों की व्यवस्था और आपातकालीन निकासी बेहद महत्वपूर्ण हैं। लेकिन इन सभी योजनाओं के बीच निर्माण स्थलों पर धूल नियंत्रण, सड़क मरम्मत, मलबे का निस्तारण और सुरक्षित आवागमन जैसी बुनियादी व्यवस्थाओं पर भी उतना ही ध्यान देना होगा।
बॉक्स..
सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब कुंभ की तैयारियों की निगरानी करने वाले CCR टॉवर के आसपास ही धूल, कीचड़ और टूटी सड़कों से लोग परेशान हैं, तो कुंभ मेला क्षेत्र की व्यवस्थाएं किस स्तर पर हैं? क्या विभागों का ध्यान केवल निर्माण कार्यों की समयसीमा पर है या आम जनता की परेशानियों और निर्माण की गुणवत्ता पर भी गंभीरता से ध्यान दिया जा रहा है? कुंभ से पहले इन सवालों का जवाब धरातल पर दिखाई देना जरूरी है।