हरिद्वार। कनखल के सतीकुंड स्थित श्रीमती शकुंतला शास्त्री स्मारक महिला इंटर कॉलेज में शुक्रवार को वार्षिकोत्सव ‘अनुभूति’ धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया। महिला शिक्षा के क्षेत्र में 90 वर्षों से अपनी अलग पहचान बनाए हुए संस्थान की छात्राओं ने सांस्कृतिक, शैक्षिक और सामाजिक विषयों पर आधारित शानदार प्रस्तुतियों से अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रबंधक डॉ. अशोक शास्त्री, संरक्षिका डॉ. वीणा शास्त्री, एमसीएस बाल विद्यापीठ सतीकुंड की निदेशिका डॉ. विशाखा कुमार, प्रधानाचार्य रेखा पुरोहित और निर्देशिका शशि प्रभा वर्मा ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर विद्यालय की वार्षिक पत्रिका ‘मीमांसा’ के वर्ष 2026-27 के संस्करण का विमोचन भी किया गया।
वार्षिकोत्सव में छात्राओं ने नृत्य, नृत्य नाटिका और नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय संस्कृति, उत्तराखंड की विरासत, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक चुनौतियों को मंच पर जीवंत कर दिया। ‘सृष्टि का स्पंदन’ से कार्यक्रम की शुरुआत हुई, जबकि ‘ग्लोरियस एंड प्रॉस्परस इंडिया’ के जरिए देश के राष्ट्रीय प्रतीकों को प्रदर्शित किया गया।
रविंद्र संगीत पर आधारित नृत्य प्रस्तुति और डॉ. भूपेंद्र हजारिका व जुबीन गर्ग को समर्पित ‘अमर सुरों का महासंगम’ ने दर्शकों को भावुक कर दिया। वहीं ‘माटी की पुकार’ नृत्य नाटिका के माध्यम से धरती और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। ‘उत्तराखंड की गूंज’ में प्रदेश के इतिहास, संस्कृति, संघर्ष और स्वाभिमान की झलक देखने को मिली।
कार्यक्रम में ‘पेपर लीक’ नृत्य नाटिका के जरिए शिक्षा व्यवस्था से जुड़ी गंभीर सामाजिक समस्या को भी प्रमुखता से उठाया गया। इसके अलावा योगासन, शास्त्रीय नृत्य, अमीर खुसरो की सूफियाना संगीत परंपरा और विलियम शेक्सपियर के प्रसिद्ध नाटक ‘द मर्चेंट ऑफ वेनिस’ पर आधारित अंग्रेजी नाट्य प्रस्तुति ने भी दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। कार्यक्रम का समापन ‘शान-ए-पंजाब’ की रंगारंग प्रस्तुति के साथ हुआ।
इस अवसर पर वर्ष 2025-26 की बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को विद्यालय की संरक्षिका डॉ. वीणा शास्त्री ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में महिला डिग्री कॉलेज की प्राचार्य शशि तोमर, वरिष्ठ प्रवक्ता प्रेरणा पांडे, महिला विद्यालय सेल्फ फाइनेंस विंग की निदेशक अल्पना शर्मा, प्रबंध समिति के सदस्य अवनीश पांडे और भूपेंद्र गौड़, पूर्व शिक्षिकाएं रानी गौड़ व प्रेम चावला तथा हरिद्वार विकास समिति के अध्यक्ष रवि बाबू शर्मा सहित विभिन्न संस्थाओं के पदाधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम का संचालन शिक्षिका गीता रस्तोगी, पारुल शर्मा ने किया। आयोजन को सफल बनाने में कार्यालय अधीक्षक ईशान शर्मा और विद्यालय के समस्त स्टाफ का विशेष योगदान रहा।
90 वर्षों की शैक्षिक विरासत को आगे बढ़ाते हुए विद्यालय की छात्राओं ने ‘अनुभूति’ के मंच से साबित किया कि शिक्षा के साथ संस्कृति, सामाजिक जागरूकता और रचनात्मक प्रतिभा का विकास भी उतना ही महत्वपूर्ण है।




















































