हरिद्वार।
जिला मुख्यालय विकास भवन रोशनाबाद के मीटिंग कक्ष में मुख्य विकास अधिकारी आकांक्षा कोण्डे की अध्यक्षता में जनपद में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) के क्रियान्वयन को लेकर एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य यूसीसी को जनपद में प्रभावी ढंग से लागू करने और इसके सफल क्रियान्वयन के लिए आवश्यक रणनीति तैयार करना था। बैठक के दौरान सीडीओ ने उपस्थित अधिकारियों को यूसीसी के सफल क्रियान्वयन के लिए कई आवश्यक दिशा—निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से सभी विभागों को पंजीकरण के लक्ष्यों की पूर्ति हेतु जन जागरूकता बढ़ाने और अधिक से अधिक पात्र व्यक्तियों का शीघ्र पंजीकरण पूरा करने पर जोर दिया। सीडीओ ने स्पष्ट किया कि प्रत्येक अधिकारी को अपने ग्राम स्तरीय कार्मिकों के माध्यम से एक सघन रणनीति बनाकर जनजागरूकता सुनिश्चित करनी होगी और पंजीकरण करवाना सुनिश्चित करना होगा। उन्होंने निर्देशित किया कि इस कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति पंजीकरण से वंचित न रहे। सीडीओ ने इस अभियान में विभिन्न सामुदायिक समूहों को शामिल करने पर बल दिया। उन्होंने आशा कार्यकर्ता, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, स्वयं सहायता समूहों, सहकारी समितियों, मत्स्य समितियों, महिला मंगल दल, युवक मंगल दल और स्कूलों के माध्यम से पंजीकरण हेतु व्यापक प्रचार-प्रसार करते हुए आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस महत्वपूर्ण बैठक में डीपीआरआे, पीडी, डीडीआे, सीईआे, सीएआे और एसीएमआे सहित विभिन्न विभागों के उच्चाधिकारियों ने सक्रिय रूप से प्रतिभाग किया।















































