ल
हरिद्वार। तीर्थनगरी हरिद्वार में गुरुवार को ब्रह्मकुंड हरकी पैड़ी से ‘आशीर्वाद का दिया’ कार्यक्रम के साथ ‘सेवा संकल्प अभियान’ का शुभारंभ किया गया। उत्तराखंड सरकार के प्रभारी मंत्री एवं पर्यटन, धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज ने मां गंगा की विधिवत पूजा-अर्चना कर अभियान का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर हरकी पैड़ी, मालवीय घाट, नमामि गंगे घाट सहित विभिन्न गंगा घाटों पर दीप प्रज्ज्वलित किए गए। कार्यक्रम में स्थानीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों तथा देश-विदेश से आए श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हजारों दीपों से गंगा घाट रोशन हुए और मां गंगा से राष्ट्र की सुख-समृद्धि, जनकल्याण तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दीर्घायु की कामना की गई।
प्रभारी मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और प्रेरणा से आमजन की सेवा के उद्देश्य से यह अभियान शुरू किया गया है। उन्होंने कहा कि 17 सितंबर से 18 अक्टूबर तक जनसेवा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य, जनकल्याण और सामाजिक सहभागिता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में अभियान के तहत जनपद के विभिन्न विकासखंडों और ग्राम पंचायतों में भी कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिलाधिकारी ने बताया कि 17 सितंबर से 8 अक्टूबर तक विद्यालयों और महाविद्यालयों में ‘मेरा सपनों का भारत’ विषय पर निबंध, चित्रकला, भाषण और पोस्टर प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। साथ ही विकसित भारत-2047 और केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं पर आधारित चित्र प्रदर्शनियां भी लगाई जाएंगी।
अभियान के दौरान शैक्षणिक संस्थानों और ग्राम पंचायतों में नुक्कड़ नाटक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया जाएगा। आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम के तहत आंगनबाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं द्वारा पोषण, मातृ-शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण एवं बाल विकास के संबंध में जागरूकता फैलाई जाएगी।
‘सेवा की कहानी’ कार्यक्रम में सरकारी योजनाओं से लाभान्वित लोगों की प्रेरक कहानियां साझा की जाएंगी। वहीं ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ और ‘सेवा मेरा योगदान’ के माध्यम से नागरिकों को स्वच्छता, वृक्षारोपण, शिक्षण, रक्तदान सहित विभिन्न समाजोपयोगी गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
कार्यक्रम में पूर्व कैबिनेट मंत्री अमृता रावत, अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष मुकेश कुमार, भाजपा राष्ट्रीय मीडिया पैनलिस्ट सतीश लखेड़ा, भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, मेयर किरण जैसल, कार्यक्रम संयोजक एवं राज्य मंत्री सुनील सैनी, राज्यमंत्री नितिन गौतम, पूर्व मेयर मनोज गर्ग, प्रदेश उपाध्यक्ष शैलेंद्र बिष्ट सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी और श्रद्धालु मौजूद रहे।




















































