नैनीताल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर शुरू किए गए ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत गुरुवार को नैनीताल जिले में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम महोत्सव के रूप में मनाया गया। जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम नैनीताल शहर में आयोजित किया गया।
इस दौरान नैनीताल शहर के विभिन्न क्षेत्रों में 51 हजार दीपक जलाए गए। नैनी झील के चारों ओर जलाए गए दीपकों से सरोवर नगरी जगमगा उठी। दीपों की रोशनी ने नैनीताल की खूबसूरती को और निखार दिया और शहर का माहौल उत्सवमय नजर आया।
पूरे जिले में कुल 2 लाख 51 हजार ‘आशीर्वाद के दीपक’ जलाए गए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं, बुजुर्गों और युवाओं ने सहभागिता की। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दीर्घ एवं स्वस्थ जीवन की कामना करते हुए उन्हें जन्मदिवस की शुभकामनाएं और आशीर्वाद प्रेषित किया गया।
कार्यक्रम में एपीडी चंद्रा फर्त्याल, जिला पर्यटन अधिकारी कृति लाल टम्टा, मुख्य उद्यान अधिकारी प्रेमा राणा, जिला युवा कल्याण अधिकारी अर्जुन सिंह रावत, खंड विकास अधिकारी हर्षित गर्ग सहित मयंक पंत, गौरव हरपाल, रितुल कुमार, विक्रम राठौर, आशीष बजाज और हरीश राणा समेत अन्य लोग मौजूद रहे।




















































