हरिद्वार। कांवड़ मेला-2026 के सफल एवं सकुशल समापन के बाद हरिद्वार में अब वृहद स्वच्छता अभियान शुरू कर दिया गया है। मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुपालन में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के नेतृत्व में नगर निगम, नगर पालिका और नगर पंचायतों द्वारा गंगा घाटों, सार्वजनिक स्थलों और नगरीय क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में विष्णु घाट पर आईटीसी मिशन सुनहरा कल, श्री भुवनेश्वरी महिला आश्रम और नगर निगम हरिद्वार के संयुक्त तत्वावधान में गंगा स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान घाटों से कूड़ा-कचरा एकत्र करने के साथ घाटों की धुलाई और सफाई की गई। श्रद्धालुओं, कांवड़ यात्रियों और दुकानदारों को गंगा में प्लास्टिक व कचरा नहीं डालने के लिए जागरूक किया गया।
92 गार्बेज बैग कचरा एकत्र
जनभागीदारी से चलाए गए अभियान में 92 गार्बेज बैग कचरा एकत्र किया गया, जिसे वैज्ञानिक निस्तारण के लिए नगर निगम हरिद्वार को सौंपा गया।
वहीं, बाबा बंसी वाले अन्नपूर्णा आश्रम समिति के कार्यकर्ताओं ने शिवनगर, भूपतवाला स्थित पंत दीप पूर्वी घाट पर सफाई अभियान चलाया। समिति के अनुसार घाट की नियमित सफाई भी आश्रम द्वारा की जाती है और कांवड़ मेले के दौरान तथा उसके बाद भी स्वच्छता व्यवस्था में लगातार सहयोग किया जा रहा है।
सामाजिक संगठनों ने भी संभाली जिम्मेदारी
वृहद स्वच्छता अभियान में विभिन्न सामाजिक एवं स्वयंसेवी संगठन भी बढ़-चढ़कर भाग ले रहे हैं। नगर निगम की स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर सोनिया ने भी रोडीबेलवाला स्थित गंगा घाटों पर सफाई अभियान चलाकर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने आमजन, स्वयंसेवी संगठनों, जनप्रतिनिधियों और व्यापार मंडलों से अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की है। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान जिस तरह सभी ने मिलकर व्यवस्था को सफल बनाया, उसी तरह अब स्वच्छता अभियान को भी जनभागीदारी के माध्यम से सफल बनाया जाए।
प्रशासन का संदेश है—“स्वच्छता ही सेवा, स्वच्छता ही संस्कार।” गंगा घाटों और शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने के लिए नागरिकों से अपने आसपास कूड़ा न फैलाने और निर्धारित स्थान पर ही कचरा डालने की अपील की गई है।
“मां गंगा की स्वच्छता ही सच्ची आस्था है, स्वच्छता ही सबसे बड़ी सेवा है।”




















































