Uncategorized

दिशा समिति की बैठक में केंद्र की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर

 

हरिद्वार। सांसद हरिद्वार एवं पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत की अध्यक्षता में मंगलवार को कुंभ मेला नियंत्रण भवन सभागार में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक आयोजित हुई। बैठक में केंद्र सरकार की विभिन्न विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए उनके प्रभावी क्रियान्वयन और जनसमस्याओं के त्वरित समाधान पर चर्चा की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, आयुष्मान भारत योजना, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, स्वच्छ भारत मिशन और पोषण अभियान समेत विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की गई।

सांसद ने अधिकारियों को पात्र लाभार्थियों का पारदर्शी तरीके से चिन्हीकरण करने और योजनाओं से संबंधित शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने वृद्धावस्था एवं विधवा पेंशन से वंचित पात्र लोगों को शीघ्र लाभान्वित करने पर भी जोर दिया।

विद्यालयों के ऊपर से गुजर रही विद्युत लाइनों और झूलते तारों को बच्चों की सुरक्षा के मद्देनजर तत्काल हटाने अथवा स्थानांतरित करने के प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश भी दिए गए। सांसद ने इसके लिए सांसद निधि एवं विधायक निधि से आवश्यक धनराशि उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।

बैठक में पेयजल आपूर्ति, सड़कों की मरम्मत, विद्युत व्यवस्था, स्वास्थ्य सुविधाओं, शिक्षा और सिंचाई समेत विभिन्न स्थानीय मुद्दों पर भी चर्चा की गई। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने जनपद में संचालित केंद्र पोषित योजनाओं की प्रगति से अवगत कराते हुए बताया कि सभी विभागों के साथ नियमित समीक्षा बैठकों के माध्यम से योजनाओं की सतत निगरानी की जा रही है।

बैठक में कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, जनप्रतिनिधियों, नगर निकायों के अध्यक्षों तथा विभिन्न विभागों के जिलास्तरीय अधिकारियों ने भाग लिया।

LEAVE A RESPONSE

Your email address will not be published. Required fields are marked *