खानपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई से टला बड़ा हादसा: सीएनजी से भरे दो ट्रकों की भीषण टक्कर, चालकों की जान बची
हरिद्वार। होली पर्व पर SSP हरिद्वार के सख्त निर्देशों के तहत मुस्तैद हरिद्वार पुलिस ने एक बार फिर अपनी तत्परता और साहस का परिचय दिया। थाना कोतवाली खानपुर क्षेत्र में आज दोपहर करीब 1:10 बजे लक्सर–पुरकाजी मार्ग पर ब्राह्मणवाली पुलिया के निकट एक गंभीर दुर्घटना घटित हुई, जिसमें तुगलपुर स्थित सीएनजी प्लांट से संबंधित दो भारी वाहन (ट्रक), जो पूरी तरह सीएनजी गैस से लदे हुए थे, आपस में जोरदार टक्कर मार बैठे।
टक्कर इतनी भीषण थी कि आसपास अफरा-तफरी मच गई। दोनों वाहनों से गैस का रिसाव होने लगा और आग लगने या बड़े विस्फोट की आशंका बढ़ गई थी। ऐसे में किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता था, जिसमें दर्जनों लोगों की जान जा सकती थी।
सूचना मिलते ही खानपुर पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुँची। पुलिस ने त्वरित निर्णय लेते हुए घटनास्थल से लगभग 200 मीटर की दूरी पर गोवर्धनपुर एवं खानपुर दिशा से यातायात पूरी तरह रोक दिया। फायर ब्रिगेड, आपदा प्रबंधन टीम और सीएनजी गैस विशेषज्ञों को फौरन बुलाया गया।
पुलिस ने घायल दोनों ट्रक चालकों को सुरक्षित बाहर निकालकर तत्काल अस्पताल पहुँचाया। गैस रिसाव को नियंत्रित करने के साथ ही क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया। इसके बाद यातायात बहाल कर दिया गया।
वरिष्ठ अधिकारियों से निरंतर संपर्क बनाए रखते हुए पुलिस की मुस्तैदी और समन्वय से एक बड़ी त्रासदी टल गई। मौके पर क्षेत्राधिकारी लक्सर, प्रभारी निरीक्षक खानपुर, वरिष्ठ उपनिरीक्षक, गोवर्धनपुर चौकी प्रभारी, पुलिस बल और FSO लक्सर की टीम अंत तक मौजूद रही।
स्थानीय लोगों ने खानपुर पुलिस की साहसिक और त्वरित कार्रवाई की जमकर सराहना की है। उन्होंने कहा कि पुलिस की सजगता के कारण न केवल चालकों की जान बची, बल्कि आसपास के इलाके में बड़े नुकसान से भी बचा गया।
हरिद्वार पुलिस ने होली के दौरान शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए विशेष इंतजाम किए हैं। SSP हरिद्वार के निर्देश पर सभी थानों में फोर्स मुस्तैद है, ताकि त्योहार खुशी और सद्भाव के साथ मनाया जा सके।




















































