हरिद्वार।
गायत्री विहार कॉलोनी, भूपतवाला स्थित जलाराम सेवा सदाव्रत ट्रस्ट विवादों में घिर गया है। ट्रस्ट की संस्थापक एवं अध्यक्ष 75 वर्षीय गीता बेन ने प्रेस क्लब में पत्रकार वार्ता के दौरान ट्रस्ट के कुछ पदाधिकारियों व् स्थानीय पार्षद पर गंभीर आरोप लगाए।
गीता बेन का कहना है कि उन्होंने अपनी जीवन भर की जमा पूंजी से ट्रस्ट की संपत्ति खरीदी थी, जिसमें हॉल और मंदिर का निर्माण कराया गया। इसके बाद चार सदस्यों का ट्रस्ट गठित किया गया और उन्होंने जूना अखाड़े की महामंडलेश्वर सरोजनी गिरी को आजीवन अध्यक्ष बनाया।
लेकिन आरोप है कि अब कुछ ट्रस्ट पदाधिकारी भू माफियाओं और भाजपा पार्षद के साथ मिलकर आश्रम की संपत्ति पर कब्जा करने की कोशिश कर रहे हैं। गीता बेन ने आरोप लगाया कि उन्हें लगातार डराया-धमकाया जा रहा है, यहां तक कि जान से मारने की धमकी भी दी गई। उन्होंने बताया कि इस मामले की शिकायत जिलाधिकारी और पुलिस प्रशासन से भी की गई है, लेकिन आरोपियों के रसूख के कारण कार्रवाई नहीं हो रही।
सरोजनी गिरी ने गीता बेन का समर्थन करते हुए कहा कि उनके साथ दुर्व्यवहार किया गया, उन्हें आश्रम से निकाल दिया गया और उनका सामान भी छीन लिया गया। अब वे इधर-उधर भटकने को मजबूर हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि पुलिस तुरंत मुकदमा दर्ज कर दोषियों पर कार्रवाई करे और छीना गया सामान वापस दिलाकर गीता बेन को न्याय दिलाए।




















































