Skip to content
हरिद्वार। रानीपुर विधानसभा क्षेत्र में विकास के दावों के बीच न्यू सुभाषनगर की जमीनी तस्वीर को लेकर अब सवाल खड़े होने लगे हैं। क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं की मांग को लेकर भाजपा की महिला नेता एवं समाजसेवी किरण सिंह ने अपने समर्थकों के साथ स्थानीय स्तर पर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू कर दी है।
करीब 25 हजार की आबादी वाले न्यू सुभाषनगर में लंबे समय से सीवर लाइन नहीं बिछाए जाने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया जा रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि करीब 25 साल पुरानी पेयजल लाइनें जर्जर हो चुकी हैं, जिसके कारण कई बार गंदे और दूषित पानी की समस्या सामने आती है।
इसके अलावा क्षेत्र की बस्तियों के ऊपर से गुजर रही 33 हजार केवी की हाईटेंशन लाइनें भी लोगों के लिए गंभीर खतरा बनी हुई हैं। प्रदर्शनकारियों का दावा है कि हाईटेंशन लाइनों की चपेट में आने से पूर्व में कई लोगों की जान जा चुकी है, जबकि कई लोग गंभीर रूप से झुलस भी चुके हैं।
धरने पर बैठीं किरण सिंह ने क्षेत्रीय भाजपा विधायक और नगर पालिका प्रशासन पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब क्षेत्र में भाजपा का विधायक है और नगर पालिका की कमान भी भाजपा के पास है, तो पिछले करीब 15 वर्षों से क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं का स्थायी समाधान क्यों नहीं हो पाया?
किरण सिंह का कहना है कि जनता लंबे समय से सीवर, पेयजल और हाईटेंशन लाइन जैसी गंभीर समस्याओं से जूझ रही है, लेकिन उन्हें अब तक केवल आश्वासन ही मिलते रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक क्षेत्र की समस्याओं के समाधान की दिशा में ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर जल्द सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक एवं उग्र किया जाएगा।
अब देखना यह होगा कि भाजपा की ही महिला नेता द्वारा उठाए गए इन सवालों पर स्थानीय विधायक और नगर पालिका प्रशासन क्या जवाब देता है और न्यू सुभाषनगर की वर्षों पुरानी समस्याओं के समाधान के लिए क्या ठोस कदम उठाए जाते हैं।