हरिद्वार। शासन के निर्देशों के अनुपालन में जनपद हरिद्वार में खनन सत्र 2026-27 के लिए खनन संक्रियाएं 1 अक्टूबर 2026 से शुरू कर दी गई हैं। इस संबंध में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने 30 सितंबर को आदेश जारी करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी के आदेश के अनुसार राजस्व हित को ध्यान में रखते हुए जनपद में सभी खनन संक्रियाएं निर्धारित तिथि से अनिवार्य रूप से प्रारंभ कराने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों को यह भी स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि खनन कार्य शुरू करने में किसी प्रकार का अनावश्यक विलंब न किया जाए।
वहीं, खनन प्रक्रिया के दौरान नैनीताल हाईकोर्ट और राष्ट्रीय हरित अधिकरण (NGT), नई दिल्ली द्वारा पारित आदेशों का पूर्ण रूप से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को खनन गतिविधियों के संचालन के दौरान शासन एवं न्यायालयों के निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने को कहा है।





















































