देहरादून। संविधान एवं विधि दिवस के अवसर पर पुलिस लाइन देहरादून में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अभियोजन विभाग के लिए तीन महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।
मुख्यमंत्री ने नए आपराधिक कानूनों के प्रशिक्षण और जनजागरूकता के लिए 25 लाख रुपये की अतिरिक्त धनराशि देने, अभियोजन कार्यालयों का आधुनिकीकरण करने तथा सभी जनपदों में बुनियादी सुविधाएं बेहतर बनाने की घोषणा की।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 12 विभूतियों को सम्मानित किया। साथ ही ‘उत्तराखण्ड अभियोजन पत्रिका’ और ‘हमारा राज्य, हमारा कानून’ पुस्तकों का विमोचन किया तथा विधि रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि संविधान के आदर्शों को अपने व्यवहार और कार्यशैली में उतारना प्रत्येक नागरिक और अधिकारी की जिम्मेदारी है।





















































