Uncategorized

तंबाकू एवं नशे के खिलाफ निकली जनजागरूकता रैली, विद्यार्थियों ने दिया स्वस्थ समाज का संदेश

 

हरिद्वार। तंबाकू एवं नशे के दुष्परिणामों के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से गुरुवार को हरिद्वार में जनजागरूकता रैली का आयोजन किया गया। ‘एक ज़रा सी कोशिश’ संस्था एवं राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम (NTCP), स्वास्थ्य विभाग हरिद्वार के संयुक्त संयोजन में आयोजित इस रैली में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया।

रैली देवपुरा चौक से ऋषिकुल चौराहे तक निकाली गई। इसमें पन्नालाल भल्ला इंटर कॉलेज, डॉ. हरिराम आर्य इंटर कॉलेज मायापुर और सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज मायापुर के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया।

रैली के दौरान विद्यार्थियों ने “तंबाकू छोड़ें, जीवन बचाएं” और “नशे से दूरी—स्वस्थ जीवन जरूरी” जैसे संदेशों के माध्यम से लोगों को तंबाकू एवं नशे से होने वाले स्वास्थ्य और सामाजिक नुकसान के प्रति जागरूक किया।

कार्यक्रम में उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस दौरान छात्र-छात्राओं को तंबाकू एवं नशे का सेवन न करने तथा इससे हमेशा दूर रहने की शपथ भी दिलाई गई।

आयोजकों ने कहा कि युवाओं को नशे से बचाना और समाज में नशामुक्त वातावरण तैयार करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। संस्था की ओर से आमजन एवं मीडिया प्रतिनिधियों से भी नशामुक्त एवं स्वस्थ समाज के निर्माण में सहयोग करने का आह्वान किया गया।

कार्यक्रम में खंड शिक्षा अधिकारी विनोद कुमार, सीएमओ हरिद्वार डॉ. आर.के. सिंह, एनसीपी की नोडल अधिकारी डॉ. नमिता, ‘एक ज़रा सी कोशिश’ संस्था की अध्यक्ष राखी सजवान सहित स्वास्थ्य विभाग, एंटीसेप्टिक टीम तथा विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

 

LEAVE A RESPONSE

Your email address will not be published. Required fields are marked *