Uncategorized

नशामुक्त समाज से ही बनेगा सशक्त उत्तराखंड: मदन कौशिक

केयर ग्रुप ऑफ कॉलेज में ‘एक जरा सी कोशिश’ के सहयोग से आयोजित हुआ युवा संवाद

हरिद्वार। बहादराबाद स्थित केयर ग्रुप ऑफ कॉलेज में सामाजिक संस्था ‘एक जरा सी कोशिश’ के संयुक्त तत्वावधान में युवा संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य नर्सिंग, पैरामेडिकल और फार्मा के छात्र-छात्राओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना और नशे से बचाव के उपायों की जानकारी देना रहा।

कार्यक्रम में उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक मुख्य अतिथि तथा डॉ. हेमंत आर्य विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मदन कौशिक ने कहा कि युवा किसी भी राष्ट्र की रीढ़ होते हैं। नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ-साथ उसके परिवार, समाज और भविष्य को भी प्रभावित करता है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड को नशामुक्त बनाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है और इस अभियान को जनआंदोलन बनाने में युवाओं व सामाजिक संस्थाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है।

विशिष्ट अतिथि डॉ. हेमंत आर्य ने छात्र-छात्राओं को नशे से बचाव, नशे के आदी लोगों को मुख्यधारा में वापस लाने और उपचार से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी।

‘एक जरा सी कोशिश’ की डायरेक्टर राखी सजवान ने युवाओं को नशे की लत से बचने, मानसिक तनाव का प्रबंधन करने और सामाजिक दबाव से निपटने के व्यावहारिक उपाय बताए। कार्यक्रम के अंत में छात्र-छात्राओं को स्वयं नशे से दूर रहने और दूसरों को भी जागरूक करने का संकल्प दिलाया गया।

इस अवसर पर पार्थ भारद्वाज, पूर्व प्रेस क्लब अध्यक्ष अमित शर्मा, एडिशनल डायरेक्टर डॉ. शुभांगनी शर्मा, डॉ. कपिल राणा, कौशल, अंश, अनु सहित कॉलेज प्रबंधन, शिक्षकगण और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

LEAVE A RESPONSE

Your email address will not be published. Required fields are marked *