Uncategorized

नगर निगम का सेल्फी पॉइंट स्वच्छता और निर्मल गंगा का दे रहा संदेश

 

कांवड़ यात्रा में आकर्षण का केंद्र बना नगर निगम का सेल्फी पॉइंट

हरिद्वार। कांवड़ मेला के दौरान हरिद्वार नगर निगम की ओर से स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और गंगा को निर्मल बनाए रखने के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए लगाए गए आकर्षक सेल्फी पॉइंट श्रद्धालुओं और कांवड़ियों के बीच खासे लोकप्रिय हो रहे हैं। सीसीआर चौक समेत कांवड़ मार्ग के विभिन्न प्रमुख स्थानों पर स्थापित इन सेल्फी पॉइंट पर दिनभर श्रद्धालुओं और कांवड़ियों की भीड़ देखने को मिल रही है। बड़ी संख्या में लोग यहां सेल्फी और फोटो खिंचवाकर इन यादों को अपने मोबाइल कैमरे में कैद कर रहे हैं।

नगर निगम ने कांवड़ मेला-2026 की थीम पर आधारित सेल्फी पॉइंट के साथ ही ‘निर्मल गंगा’ थीम को भी प्रमुखता दी है। इन सेल्फी पॉइंट को इस तरह तैयार किया गया है कि मनोरंजन और आकर्षण के साथ-साथ लोगों को स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया जा सके। यहां प्रदर्शित संदेशों के माध्यम से श्रद्धालुओं से कांवड़ यात्रा के दौरान स्वच्छता बनाए रखने, गंगा को प्रदूषण से बचाने और सिंगल यूज़ प्लास्टिक का इस्तेमाल नहीं करने की अपील की जा रही है।

नगर निगम की यह पहल आईईसी (Information, Education & Communication) गतिविधि के रूप में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। सेल्फी पॉइंट पर पहुंचने वाले श्रद्धालु स्वच्छता और गंगा संरक्षण से जुड़े संदेशों के साथ अपनी तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा कर रहे हैं। इससे नगर निगम का स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश केवल मेला क्षेत्र तक सीमित न रहकर सोशल मीडिया के माध्यम से व्यापक स्तर तक पहुंच रहा है।

कांवड़ मेला-2026 के दौरान नगर निगम हरिद्वार की ओर से पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता व्यवस्था और प्लास्टिक के उपयोग को कम करने के लिए विभिन्न स्तरों पर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में सेल्फी पॉइंट को जन-जागरूकता का प्रभावी माध्यम बनाया गया है।

नगर निगम के इन प्रयासों से ‘स्वच्छ कांवड़ यात्रा’, ‘निर्मल गंगा’ और ‘प्लास्टिक मुक्त वातावरण’ का संदेश श्रद्धालुओं तक सहज और आकर्षक तरीके से पहुंच रहा है। सेल्फी पॉइंट जहां कांवड़ियों के लिए यादगार तस्वीरों का माध्यम बन रहे हैं, वहीं स्वच्छ एवं हरित कांवड़ मेले के संकल्प को भी मजबूत कर रहे हैं।

LEAVE A RESPONSE

Your email address will not be published. Required fields are marked *