– रुड़की में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, बिना लेबल की 351 सॉस बोतलें सीज, 8 क्विंटल सॉस नष्ट किया गया
– जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाली खाद्य निर्माण इकाइयों के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी: जोशी
हरिद्वार।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा विभाग ने जनपद में मिल रही शिकायतों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए रुड़की के मतलबपुर स्थित “मां भगवती फूड्स” नामक सॉस निर्माण इकाई पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान बिना लेबल की 351 वेजिटेबल सॉस की बोतलें सीज की गईं, जबकि लगभग 8 क्विंटल सॉस, जिसकी अनुमानित कीमत 32 हजार रुपये बताई गई है, मौके पर ही नष्ट करा दी गई।
जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी ने बताया कि उपयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के नेतृत्व में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन एवं पवन कुमार की टीम ने 29 जुलाई को निरीक्षण किया। जांच में पाया गया कि सॉस की बोतलों पर बैच नंबर, निर्माण तिथि, एक्सपायरी डेट, निर्माता का नाम-पता, एफएसएसएआई लाइसेंस नंबर तथा सामग्री (इंग्रीडिएंट्स) जैसी अनिवार्य जानकारी अंकित नहीं थी।
निरीक्षण के दौरान यह भी सामने आया कि सॉस का निर्माण अत्यंत अस्वच्छ परिस्थितियों में किया जा रहा था। निर्माण मशीनों, दीवारों और फर्श पर भारी गंदगी पाई गई। विभाग ने मौके से वेजिटेबल सॉस के दो नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला रुद्रपुर भेज दिए हैं।
जांच के दौरान पानी की गुणवत्ता रिपोर्ट, कर्मचारियों के मेडिकल प्रमाण पत्र और पैकिंग में प्रयुक्त प्लास्टिक बोतलों के फूड ग्रेड प्रमाणपत्र सहित कई आवश्यक दस्तावेज भी उपलब्ध नहीं कराए गए।
इन गंभीर अनियमितताओं को देखते हुए विभाग ने फैक्ट्री में खाद्य पदार्थों के निर्माण, संग्रहण और बिक्री पर अगले आदेश तक रोक लगा दी है तथा नोटिस फैक्ट्री के गेट पर चस्पा कर दिया गया है।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाली खाद्य निर्माण इकाइयों के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

















































