हरिद्वार। आगामी कांवड़ मेले की तैयारियों के तहत नगर निगम हरिद्वार ने मंगलवार को रोडीबेलवाला क्षेत्र में जिला प्रशासन और पुलिस के सहयोग से व्यापक अतिक्रमण हटाओ एवं विशेष स्वच्छता अभियान चलाया। अभियान के दौरान 50 से अधिक अस्थायी अतिक्रमण हटाए गए और पूरे क्षेत्र में सघन सफाई कर कांवड़ यात्रियों के लिए बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की दिशा में कार्रवाई की गई।
नगर आयुक्त नंदन कुमार के नेतृत्व में नगर निगम की टीम ने सड़क किनारे और सार्वजनिक स्थानों पर किए गए अस्थायी अतिक्रमण हटाए, ताकि कांवड़ मेले के दौरान श्रद्धालुओं की आवाजाही सुगम बनी रहे और यातायात प्रभावित न हो। साथ ही सफाई कर्मचारियों ने पूरे क्षेत्र में कूड़ा-कचरा हटाकर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया।
नगर आयुक्त नंदन कुमार ने बताया कि कांवड़ मेले को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और स्वच्छ बनाने के लिए रोडीबेलवाला सहित मेला क्षेत्र में लगातार अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि मेले के दौरान अतिरिक्त सफाई कर्मचारियों की तैनाती की जाएगी तथा प्रमुख मार्गों, घाटों और मेला क्षेत्र में नियमित सफाई, कूड़ा उठान और सैनिटेशन की विशेष व्यवस्था की जाएगी।
नगर निगम ने बताया कि कांवड़ मेले में लाखों श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए सभी आवश्यक तैयारियां समय से पूरी की जा रही हैं। निगम ने आम नागरिकों और व्यापारियों से सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण न करने तथा शहर को स्वच्छ बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील भी की।
अभियान के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट हरिगिरि, सेनिटेशन सेल प्रभारी संजय शर्मा, नायब तहसीलदार अनिल कुमार, रोडीबेलवाला चौकी प्रभारी संदीप वर्मा सहित नगर निगम, प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौजूद रहे।















































