हरिद्वार/बहादराबाद।
धनौरी-सुमन नगर मार्ग स्थित पथरी रोह पुल पर देर रात एक ट्राला पुल की सुरक्षा दीवार से टकरा कर क्षतिग्रस्त हो गया। चालक को स्थानीय लोगो की मदद से पुलिस ने बमुश्किल बाहर निकाल कर हॉस्पिटल भेजा।
मिली जानकारी के अनुसार बुधवार देर रात धनौरी की ओर से आ रहा एक ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर पुल की सुरक्षा दीवार से जा भिड़ा। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। राहत की बात यह रही कि चालक की जान बच गई।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने चालक को सुरक्षित बाहर निकाला और सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। चालक को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। घटना के चलते कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा।
स्थानीय लोगों ने एक बार फिर सुमन नगर मार्ग पर भारी और ओवरलोड वाहनों के संचालन पर रोक लगाने की मांग उठाई है। उनका कहना है कि इस मार्ग पर आए दिन हादसे होते रहते हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।













































