ट्रैफिक कंट्रोल पर खास प्लान
हरिद्वार। आगामी कुंभ मेले की तैयारियाँ जोरों पर हैं। नगर में कई स्थायी और अस्थायी निर्माण कार्य तेजी से चल रहे हैं और इन योजनाओं के तहत अब जिले में छह अस्थाई बस अड्डों के निर्माण को मंजूरी दे दी गई है। कुंभ के दौरान भीड़ और यातायात नियंत्रण को ध्यान में रखते हुए ये बस अड्डे शहर के बाहर ऋषिकुल, भेल, मोतीचूर और बैरागी कैंप जैसे नोडल क्षेत्रों में बनाए जाएंगे। अधिकारियों का कहना है कि इससे मेले के समय हरिद्वार के भीतर ट्रैफिक का बोझ कम रहेगा और भीड़ प्रबंधन अधिक प्रभावी तरीके से किया जा सकेगा। कुंभ मेला अधिकारी सोनिका ने बताया कि कार्यदायी संस्थाओं द्वारा इन बस अड्डों के निर्माण की प्रक्रियाएँ पहले से चल रही हैं। कहा कि बाहर से आने वाले यात्रियों को इन अस्थाई बस अड्डों तक पहुंचाने के लिए सटीक रोड-मैप तैयार कर लिया गया है, जिससे यात्री सुगम व व्यवस्थित रूप से मेले के आयोजनों तक पहुँच सकेंगे।
















































