तीन हत्या समेत 22 मुकदमों में नामजद होने का दावा, ऑपरेशन प्रहार के तहत कनखल पुलिस की कार्रवाई
हरिद्वार। कनखल की रविदास बस्ती में कथित अवैध वसूली, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर अमित कटारिया को हिरासत में लिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी पर तीन हत्या समेत कुल 22 मुकदमे दर्ज हैं। आरोप है कि वह सब्जी, दूध और राशन विक्रेताओं से सामान लेने के बाद पैसे मांगने पर चाकू दिखाकर धमकाता था। इसके अलावा ई-रिक्शा, टेंपो चालकों, ठेली-फड़ संचालकों और स्टैंड वालों से शराब पीने के लिए अवैध रूप से पैसे मांगने के भी आरोप हैं।
पुलिस के मुताबिक, 25 अक्टूबर को देवनन्द मंडल और आनंद कुमार निवासी रविदास बस्ती ने शिकायत देकर आरोप लगाया कि अमित कटारिया आए दिन लोगों को धमकाता है और अवैध वसूली के लिए दबाव बनाता है। शिकायतकर्ताओं ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी हत्या के मामलों में शामिल होने की बात कहकर लोगों में भय का माहौल बनाता है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी को 14 और 24 अक्टूबर को भी भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170 के तहत हिरासत में लेकर न्यायालय में पेश किया गया था। आरोप है कि जमानत पर छूटने के बाद उसने फिर से कथित आपराधिक गतिविधियां शुरू कर दीं।
शिकायत के आधार पर कोतवाली कनखल में मुकदमा संख्या 412/26 और 413/26 दर्ज किए गए। एसएसपी हरिद्वार के निर्देश पर कार्रवाई करते हुए कनखल पुलिस ने 26 अक्टूबर को आरोपी के घर पर दबिश देकर उसे हिरासत में लिया। पुलिस के अनुसार, मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, अमित कटारिया के आपराधिक इतिहास में हत्या के तीन, गैंगस्टर एक्ट का एक, अवैध वसूली के तीन, छेड़खानी के दो, एनडीपीएस एक्ट का एक, अवैध शस्त्र के चार, गुंडा एक्ट के दो, शराब तस्करी के दो तथा लड़ाई-झगड़े, आगजनी और धारा 110 जी से संबंधित मामले शामिल हैं।
पुलिस टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक अनुज सिंह, उपनिरीक्षक प्रकाश चंद्र, उपनिरीक्षक धनराम शर्मा, कांस्टेबल विशन चौहान और कांस्टेबल जितेंद्र राणा।























































