नामचीन होटल के किचन में मिला एक्सपायरी दूध और ब्रेड, 120 किलो आटा सीज, 3 लाख का जुर्माना
हरिद्वार। नवरात्र पर्व और चारधाम यात्रा के बीच हरिद्वार में तीर्थयात्रियों और स्थानीय जनता की सेहत से खिलवाड़ का बड़ा मामला सामने आया है। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने आज नगर निगम हरिद्वार के भूपतवाला क्षेत्र में एक नामी होटल में आकस्मिक छापेमारी की। इस दौरान होटल के किचन में भारी अनियमितताएं पाई गईं, जिसके बाद विभाग ने सख्त कार्रवाई करते हुए खाद्य सामग्री को सीज और नष्ट किया है।
वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी कैलाश चंद्र टम्टा के नेतृत्व में टीम ने सप्तऋषि चुंगी के पास स्थित एक होटल का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान अधिकारी उस वक्त हैरान रह गए जब किचन में पर्यटकों और श्रद्धालुओं के लिए भोजन बनाने में एक्सपायरी डेट (समाप्ति तिथि) का दूध और ब्रेड इस्तेमाल होता पाया गया। टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए लगभग 20 पैकेट दूध और ब्रेड को मौके पर ही नष्ट करवा दिया।
इसके अलावा, किचन से 10-10 किलोग्राम के आटे के 12 सीलबंद कट्टे (कुल 120 किलोग्राम आटा) बरामद हुए। इन कट्टों पर खाद्य सुरक्षा नियमों के अनुसार पैकिंग तिथि, एक्सपायरी डेट, एमआरपी और बैच नंबर जैसी कोई भी जरूरी जानकारी दर्ज नहीं थी। विभाग ने इस आटे का कानूनी सैंपल लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया है और शेष आटे को मौके पर ही सीज कर दिया है।
एक्सपायरी डेट की खाद्य सामग्री का उपयोग करने और बिना लेबल वाले आटे से खाना बनाने के जुर्म में होटल के शेफ और नॉमिनी/डायरेक्टर के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 की सुसंगत धाराओं के तहत चालानी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इस नियम के उल्लंघन पर अधिकतम 3 लाख रुपये तक के जुर्माने का प्रावधान है।
नहीं मिले जरूरी दस्तावेज, एक हफ्ते का अल्टीमेटम
निरीक्षण के दौरान होटल प्रबंधन मौके पर कई अनिवार्य दस्तावेज पेश करने में नाकाम रहा। अधिकारियों द्वारा मांगे जाने पर होटल प्रबंधन निम्नलिखित अभिलेख नहीं दिखा सका:
• पेयजल और भोज्य पदार्थों की जांच रिपोर्ट
• पेस्ट कंट्रोल संबंधी दस्तावेज
• कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस सर्टिफिकेट
• खाद्य सामग्री की खरीद के बिल (इनवॉइस)
• कंपनी का MoU, रेजोल्यूशन, फॉर्म-9 और होटल की लीज डीड
विभाग ने होटल प्रबंधन को कड़ी चेतावनी देते हुए इन सभी दस्तावेजों को एक सप्ताह के भीतर विभागीय कार्यालय में जमा करने के निर्देश दिए हैं।
सहायक आयुक्त (खाद्य सुरक्षा) महिमानंद जोशी ने बताया कि जनस्वास्थ्य और त्योहारों के सीजन में मिलावटखोरी को रोकने के लिए होटलों, रेस्टोरेंटों और ढाबों पर यह चेकिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।




















































