Skip to content
हरिद्वार। पिरान कलियर थाना पुलिस ने नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने इंस्टाग्राम पर फर्जी आईडी के जरिए नाबालिग से संपर्क किया और उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। आरोप है कि वहां उसने नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया।
पुलिस के मुताबिक, 5 सितंबर 2026 को नाबालिग के परिजनों की ओर से कोतवाली पिरान कलियर में तहरीर दी गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल पॉक्सो अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया। पीड़िता को आवश्यक उपचार के लिए सिविल अस्पताल रुड़की भेजा गया। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक विशाखा राठौर को सौंपी गई। वहीं, प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी ने पुलिस टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू कराई। पुलिस ने डिजिटल साक्ष्यों के साथ मैनुअल पुलिसिंग के जरिए आरोपी की तलाश की। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने 25 सितंबर 2026 को आरोपी दानिश पुत्र शबी, निवासी ग्राम गढ़ीपुख्ता, शामली, उत्तर प्रदेश को हिरासत में ले लिया।पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ नियमानुसार आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। मामले की विवेचना जारी है।