हरिद्वार। रानीपुर मोड़ स्थित एक होटल में राष्ट्रीय व्यापार मंडल की बैठक प्रदेश अध्यक्ष संजीव चौधरी की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में कोर कमेटी से विचार-विमर्श के बाद व्यापारी नेता एवं उद्योगपति मनोज गौतम को महानगर अध्यक्ष नियुक्त किया गया।
बैठक में आगामी कुंभ मेले के सफल संचालन में सरकार को पूर्ण सहयोग देने का प्रस्ताव पारित किया गया। संगठन जल्द ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मिलकर यह प्रस्ताव सौंपेगा। प्रदेश अध्यक्ष संजीव चौधरी ने कहा कि व्यापारी कुंभ को लेकर उत्साहित हैं, लेकिन मेले के दौरान व्यापारियों की दुकानों तक आवाजाही और सामान की आपूर्ति सुचारू रखने पर भी विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए।
नवनियुक्त अध्यक्ष मनोज गौतम ने व्यापारी हितों के लिए पूरी ईमानदारी से कार्य करने और महानगर की सभी इकाइयों का जल्द गठन करने की बात कही। बैठक में प्रदेश महामंत्री सुधीश श्रोत्रिय, जिला अध्यक्ष विनीत धीमान, शहर अध्यक्ष हरविंदर सिंह सहित अन्य व्यापारी नेता मौजूद रहे।






















































