हरिद्वार।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने मंगलवार को ऋषिकुल मैदान में बनाए गए चारधाम यात्रा के ऑफलाइन पंजीकरण केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का लिया जायजा । इस दौरान उन्होंने पंजीकरण कराने पहुंचे श्रद्धालुओं से बातचीत कर उन्हें उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की।जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि चारधाम यात्रा पर आने वाले सभी श्रद्धालुओं के लिए पंजीकरण केंद्र पर समुचित एवं चाक-चौबंद व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी आवश्यक सुविधाएं हर समय उपलब्ध रहनी चाहिए।
उन्होंने बताया कि केंद्र पर पेयजल, शौचालय, स्वास्थ्य सेवाएं एवं जानकारी हेतु हेल्प डेस्क की समुचित व्यवस्था की गई है, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की गुणवत्ता का भी आकलन किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर अनुभव प्रदान करना प्रशासन की प्राथमिकता है।
इस अवसर पर जिला पर्यटन अधिकारी सुशील नौटियाल ने अवगत कराया कि अब तक ऑनलाइन पंजीकरण के माध्यम से 37,28,571 श्रद्धालु अपना पंजीकरण करा चुके हैं, जबकि ऋषिकुल मैदान में बनाए गए ऑफलाइन पंजीकरण केंद्र पर 1,94,172 श्रद्धालु पंजीकरण कर चुके हैं।


















































