हरिद्वार में एआई से मिलेगी सरकारी योजनाओं की जानकारी, मुख्यमंत्री के सामने ऐप और पोर्टल का प्रदर्शन
कुंभ-2027 की तैयारियों की भी मुख्यमंत्री ने की समीक्षा, मेलाधिकारी ने विकास कार्यों का दिया ब्यौरा
हरिद्वार। हरिद्वार में अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के जरिए आमजन को सरकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने की दिशा में पहल की जा रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के समक्ष हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण सभागार में एआई आधारित मोबाइल ऐप एवं पोर्टल का प्रदर्शन किया गया। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से इसकी कार्यप्रणाली और उपयोगिता की जानकारी दी।
एआई आधारित ऐप और पोर्टल के माध्यम से स्वच्छता, स्वास्थ्य, शिक्षा सहित विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं की मॉनिटरिंग की जाएगी। इसके साथ ही आम नागरिकों को सरकारी योजनाओं की जानकारी सरल, सुलभ और त्वरित तरीके से उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा, ताकि लोग योजनाओं को समझ सकें और उनका लाभ उठा सकें।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि शासन व्यवस्था को पारदर्शी, प्रभावी और जनसुलभ बनाने में आधुनिक तकनीक एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की महत्वपूर्ण भूमिका है। तकनीक के इस्तेमाल से सरकारी सेवाओं को सुविधाजनक बनाने और आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान करने में मदद मिलेगी। सरकार का उद्देश्य आधुनिक तकनीक का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।
एआई ऐप और पोर्टल के प्रदर्शन के बाद मुख्यमंत्री ने आगामी कुंभ मेले की तैयारियों की समीक्षा भी की। मेलाधिकारी सोनिका ने कुंभ के लिए संचालित विकास कार्यों, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और आयोजन की तैयारियों की प्रगति से मुख्यमंत्री को अवगत कराया।
बैठक में आईजी मेला योगेंद्र सिंह रावत, एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर, मुख्य नगर आयुक्त नंदन कुमार, सीडीओ ललित नारायण मिश्र, एसएसपी मेला आयुष अग्रवाल, एचआरडीए सचिव प्रत्यूष सिंह सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।






















































