कानपुर में खुले नाले में गिरने से हलवाई की मौत, CCTV में कैद हुआ हादसा 30 मिनट तक नाले में पड़ा रहा व्यक्ति, नगर निगम की लापरवाही पर उठे गंभीर सवाल
कानपुर में खुले नाले ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। घर के बाहर बैठे 45 वर्षीय हलवाई की खुले नाले में गिरने से मौत हो गई। हादसे के बाद नगर निगम की सुरक्षा व्यवस्था और लापरवाही पर सवाल खड़े हो रहे हैं। घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है। मामला कानपुर के चकेरी थाना क्षेत्र स्थित श्यामनगर के कर्मचारी नगर का है। जानकारी के मुताबिक, 17 नवंबर को दोपहर करीब 2:17 बजे हरिशंकर बाजपेई घर के बाहर बैठे थे। इसी दौरान अचानक उनका संतुलन बिगड़ा और वह पास में बने नगर निगम के खुले कनेक्टिंग नाले में जा गिरे। बताया जा रहा है कि हादसे के समय उनकी पत्नी नीलम और बेटी परी बाजार गई हुई थीं। CCTV फुटेज के मुताबिक, हरिशंकर काफी देर तक नाले में पड़े रहे। करीब 20 से 30 मिनट बाद जब पत्नी और बेटी घर लौटीं, तो उन्हें नाले में देखकर चीख-पुकार मच गई। आनन-फानन में उन्हें बाहर निकालकर पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस हरिशंकर को कांशीराम अस्पताल लेकर गई, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना से परिवार में मातम छा गया। परिजनों का आरोप है कि रिहायशी इलाके में नाला खुला छोड़ दिया गया था और वहां न तो ढक्कन था और न ही कोई सुरक्षा इंतजाम। परिवार का कहना है कि अगर नाले को ढका गया होता या सुरक्षा घेरा लगाया गया होता, तो शायद हरिशंकर की जान बच सकती थी।
नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल घटना ने शहर में खुले नालों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। घनी आबादी वाले इलाके में खुले नाले के आसपास सुरक्षा इंतजाम क्यों नहीं किए गए? क्या जिम्मेदार अधिकारियों को इस खतरे की जानकारी नहीं थी? और आखिर कब तक नागरिकों की सुरक्षा के लिए जरूरी व्यवस्थाएं हादसों के बाद ही की जाएंगी? हरिशंकर की मौत ने एक बार फिर स्मार्ट सिटी और बेहतर नागरिक सुविधाओं के दावों के बीच जमीनी हकीकत पर सवाल खड़े कर दिए हैं।






















































